भोपाल। प्रदेश की छात्राओं को संस्कृत के साथ विज्ञान की भी शिक्षा मिलेगी। राजधानी में प्रदेश का पहला शासकीय कन्या आवासीय संस्कृत विद्यालय का सोमवार को टीटी नगर में शुभारंभ किया गया। यह विद्यालय महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान मप्र द्वारा संचालित किया जाएगा।
विद्यालय में 6वीं से लेकर 12वीं तक छात्राओं को संस्कृत के तीन विषय की पढ़ाई अनिवार्य होगी, यानि 10वीं तक छात्राओं को संस्कृत व्याकरण, संस्कृत साहित्य एवं भारतीय संस्कृत के साथ गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान पढ़ना होगा। वहीं, 11वीं व 12वीं में संस्कृत के तीन विषय के साथ भौतिकी, रसायन एवं जीव विज्ञान विषय होंगे।
शुभारंभ अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रभातराज तिवारी ने कोर्स से संबंधित जानकारी देते हुए कहा कि इस विद्यालय में 6वीं से 12वीं तक संस्कृत की पढ़ाई होगी। विद्यालय में छात्राओं को आवास, भोजन, गणवेश एवं चिकित्सा की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही यहां पर नृत्य, गायन, वादन, खेल एवं व्यक्त्तिव विकास जैसी विभिन्न् गतिविधियां होंगी। शुभारंभ कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री विजय शाह, राज्यमंत्री स्कूल शिक्षा दीपक जोशी, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा दीप्ति गौड़ मुखर्जी, माध्यमिक शिक्षा मंडल के उपाध्यक्ष डॉ भागीरथ कुमरावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
छात्राएं अपनी संस्कृति को जान सकेंगी: विजय शाह
शिक्षा मंत्री विजय शाह ने कहा कि इस विद्यालय के माध्यम से छात्राएं शैक्षिक गतिविधियों के साथ हमारी वैभवशाली एवं सांस्कृतिक परम्पराओं को जान सकेंगी। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय की छात्राएं देश एवं विदेश की प्रमुख शैक्षिक संस्थाओं में अध्ययन के लिए जाए इसकी पूरी व्यवस्था संस्थान की ओर से की जाएगी। वहीं राज्य मंत्री स्कूल शिक्षा ने कहा कि इस विद्यालय में संस्कृत के साथ-साथ छात्राओं का सम्पूर्ण विकास होगा।
6वीं-12वीं तक होगी 30 सीट
विद्यालय में 6वीं से लेकर 12वीं तक 30-30 सीट होगी। अभी 6वीं व 9वीं में 30-30 छात्राओं ने नामांकन किया है। इसमें राज्य स्तरीय मेरिट के आधार पर एडमिशन होगा। पूरी पढ़ाई नि:शुल्क होगी।

