त्योहारों को लेकर कटनी पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति बनाए रखने का संदेश
त्योहारों को लेकर कटनी पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति बनाए रखने का संदे
कटनी। गणेश उत्सव एवं आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और आपसी सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को कटनी पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च मिशन चौक से प्रारंभ होकर आजाद चौक, शेर चौक, सुख्खन चौक, सराफा बाजार, कपड़ा बाजार, सुभाष चौक, कमानिया गेट, विश्वकर्मा पार्क, मगही मंदिर, गणेश चौक, सिविल लाइन और फॉरेस्टर ग्राउंड होते हुए थाना तिराहा पहुंचा।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और अपुष्ट सूचनाओं को सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से प्रसारित नहीं करने की समझाइश दी गई।
पुलिस ने नागरिकों से आपसी भाईचारा एवं सद्भाव बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।