हिंदू धर्म बीजेपी की बपौती नहीं : ज्योतिरादित्य

भोपाल। कांग्रेस नेता कमलनाथ ने मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में अपना पदभार संभाल लिया है. रोड शो के बाद कांग्रेस दफ्तर में आयोजित समारोह में कमलनाथ और सिंधिया ने जमकर बीजेपी पर निशाना साधा. सिंधिया ने कहा कि हिंदू धर्म बीजेपी की बपौती नहीं और ना ही बीजेपी ने हिंदू धर्म का ठेका लिया है. हिंदू धर्म हिंदुस्तान का धर्म है.

सिंधिया ने कहा कि कोई व्यक्ति अगर मंदिर में जाए या मस्जिद में जाए या गुरूद्वारे में जाए, ये उसकी निजी धार्मिक सोच विचारधारा है. ये अभी शुरूआत हुई है. भारत में कोई धर्म और हिंदू धर्म भाजपा की बपौती नहीं है.

ये हिंदू धर्म हिंदुस्तान का धर्म है. ये वो हिंदुस्तान है, जिसमें चार धर्मों को जन्म दिया है.

वहीं, दूसरी ओर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद कमलनाथ ने कहा कि बीजेपी चुनाव के समय धर्म को राजनैतिक मंच पर लाना चाहती है. कमलनाथ ने कहा कि

क्या बीजेपी ने हिंदू धर्म का ठेका लिया हुआ है. हम सब धर्म प्रेमी हैं. मैनें खुद छिंदवाड़ा में हनुमान जी की 101 फीट का मंदिर बनाया है. इसमें कोई राजनीति नहीं की. आज जब चुनाव आ रहा है, ये इस धर्म को राजनैतिक मंच पर लाना चाहते हैं.

बता दें कि राहुल गांधी कर्नाटक चुनाव में मंदिर और मठों में माथा टेक रहे हैं. कमलनाथ भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद मध्य प्रदेश में कल दिनभर भोपाल, उज्जैन और दतिया में मंदिरों के दर्शन करेंगे.

Exit mobile version