सुंजवां हमलाः घायल मेजर ने होश में आते ही पूछा- आतंकियों का क्या हुआ
नई दिल्ली। सुंजवां आर्मी कैंप पर हुए आतंकी हमले में 6 जवान शहीद हो गए और कई अन्य घायल हुए। इन घायलों में सेना के मेजर अभिजीत भी थे। हमले के दो दिन बाद घायल मेजर को होश आया और होश में आते ही उन्होंने सबसे पहले आतंकियों की खबर ली।

खबरों के अनुसार अस्पताल में भर्ती घायल मेजर हमले के दिन से ही बेहोश थे और मंगलवार को जब उन्हें होश आया। इसके बाद मेजर जनरल नादीप नैथानी ने बताया, ‘मेजर अभिजीत का मनोबल बेहद ऊंचा है। सर्जरी के तुरंत बाद उन्होंने सबसे पहला सवाल यही पूछा कि हमला करने वाले आतंकवादियों का क्या हुआ? वह फील्ड में जाने के लिए बेहद उत्सुक है। अब उनकी हालत काफी ठीक है।’
मेजर अभिजीत से जब बात की गई, तो उन्होंने कहा, ‘मैं अब ठीक हूं और काफी अच्छा महसूस कर रहा हूं। मैं डॉक्टरों से बातचीत कर रहा हूं। उन्होंने मुझे बताया कि अगले कुछ दिनों में मैं बैठ और चल फिर सकता हूं। मुझे नहीं पता कि पिछले 3-4 दिनों में क्या हुआ है।’
बता दें कि इस हमले को लेकर भारत में काफी गुस्सा है और सरकार ने भी पाकिस्तान को चेतावनी दी है। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण का कहना है कि इस हमले का माकूल जवाब दिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से आए थे। लेकिन सेना के जवानों ने आतंकियों के इरादों को पूरा नहीं होने दिया।

