Site icon Yashbharat.com

सांची दूध में विटामिन ए और डी मिलाएगा दुग्ध संघ

child

इंदौर। आंखों और हड्डियों के लिए इंदौर दुग्ध संघ सांची दूध में विटामिन ए और डी अलग से मिलाकर उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराएगा। इससे दूध की गुणवत्ता बढ़ेगी और विटामिन की कमी से होने वाली शारीरिक समस्याएं दूर करने में मदद मिलेगी। गुरुवार को संघ के प्रशासक और कमिश्नर संजय दुबे इस योजना की शुरुआत करेंगे।

 

दरअसल, वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ) की सर्वे रिपोर्ट और अनुशंसा के बाद पाया गया कि विटामिन ए और डी की कमी से लोगों में समय से पहले आंखों की रोशनी कम हो रही है। साथ ही हड्डियां कमजोर हो रही हैं और कम उम्र में लोगों में दर्द की शिकायतें सामने आ रही हैं। रिपोर्ट में अनुशंसा की गई है कि दूध में मिलने वाले विटामिन ए और डी से इसकी पूर्ति बेहतर तरीके से की जा सकती है। इसीलिए दूध की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए शासन की ओर से निर्देश दिए गए। इस मामले में टाटा ट्रस्ट भी आगे आया है।

ट्रस्ट सहकारी दुग्ध संघों को छह महीने तक विटामिन ए और डी लिक्विड रूप में निशुल्क उपलब्ध कराएगा। इसके लिए ट्रस्ट और दुग्ध संघ के बीच सहमति हो चुकी है। सांची के प्लांट पर गाय के दूध को छोड़कर स्टैंडराइज्ड दूध में ये विटामिन पैकिंग के दौरान मिलाए जाएंगे। दूध को स्टैंडराइज्ड करते समय क्रीम सप्रेटर से दूध का फैट निकाला जाता है। इससे दूध में फैट के साथ ही विटामिन ए और डी की भी कमी हो जाती है। इसीलिए दूध की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए सहकारी उपक्रमों के जरिये ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं कि जनता तक गुणवत्ता वाला दूध पहुंचे।

Exit mobile version