Site icon Yashbharat.com

विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी भाजपा में शामिल, बन सकते हैं मंत्री

12 07 2020 pradyuman singh lodhi

भोपाल। मध्य प्रदेश के बड़ा मलहरा से कांग्रेस विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी ने रविवार को भाजपा का दामन थाम लिया। विधानसभा में प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने विधायक लोधी का इस्तीफा स्वीकर कर लिया।

सीएम शिवराज सिंह चौहान के सामने उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली, इस दौरान उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी मौजूद थे। विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद लोधी ने कहा कि मैं बुंदेलखंड के विकास के लिए भाजपा में आया हूं। भाजपा ने क्षेत्र के विकास का जो रोडमैप तैयार किया है उससे बुंदेलखंडवासियों को कई सुविधाएं मिलेंगी। भाजपा कार्यालय में उन्हें औपचारिक रूप से सभी के सामने सदस्यता दिलाई गई।

खबर यह भी है कि प्रद्युम्न सिंह लोधी को मंत्री बनाया जा सकता है क्योंकि एक पद अभी खाली है साथ ही लोधी समाज से मंत्री नहीं बनाने पर समाज खफ़ा भी है।

उपचुनाव से पहले कांग्रेस के लिए यह एक बड़ा झटका माना जा रहा है। इसके पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक विधायकों ने इस्तीफा देकर कांग्रेस की सरकार गिरा दी थी। यह बात सामने आ रही है कि पिछले कुछ दिनों से प्रद्युम्न सिंह लोधी उमा भारती और अन्य भाजपा नेताओं के संपर्क में थे। पिछले दिनों वे सीएम शिवराज सिंह चौहान से भी मिलने पहुंचे थे। गौरतलब है कि बड़ा मलहरा से कभी उमा भारती विधायक बनकर मध्य प्रदेश की सीएम बनीं थीं। टीकमगढ़ के इलाके में उमा भारती का वर्चस्व माना जाता है। लोधी भी उनके ही समाज से आते हैं, ऐसे में वे अपने इलाके के कांग्रेस विधायक को भाजपा में ले आईं।

 

Exit mobile version