जबलपुर। मदनमहल थानांतर्गत स्टेशन के समीप स्थित संस्कार लॉज में गत दिवस एकयुवक के साथ एक महिला अपनी बच्ची के साथ आकर रुकी थी लेकिन आज सुबह जब काफी देर तक महिला नहीं उठी तो बच्ची ने लॉज वालों से बताया जिसके बाद लॉज के कर्मचारी कमरा नंबर 103 में पहुंचे तो महिला मृत अवस्था में पड़ी थी तथा युवक का कोई पता नहीं था।
युवक के साथ आकर रुकी थी, पुलिस पड़ताल में जुटी
महिला के शव के पास सल्फास का एक पाऊच भी पाया गया है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई यह तो जांच और पीएम के बाद ही पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगा। युवक और महिला शीतलामाई क्षेत्र के रहने वाले बताये जाते हैं और पूर्व में भी इस लॉज में आकर रुकते रहे हैं। इस संबंध में प्रारंभिक जानकारी देते हुए थाना प्रभारी मदनमहल सुनील नेमा ने बताया कि स्टेशन के समीप स्थित संस्कार लॉज में गत दिवस मनीष नामक युवक एक महिला और उसकी चार-पांच साल की बच्ची के साथ आकर रुका था।
रात में संभवतः इन लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद भी हुआ। आज सुबह जब बच्ची जागी और उसने जब मां को काफी देर तक उठते नहीं देखा और न ही उसके शरीर में कोई हलचल दिखायी दी तो उसने लॉज वालों को सूचना दी जिसके बाद लॉज के कर्मचारी कमरे में गए तो महिला मृत अवस्था में पायी गयी। महिला ने जहरीली वस्तु का सेवन किया या फिर उसके साथ कुछ और घटना हुई पुलिस इसकी पतासाजी कर रही है।
पुलिस को ऐसी जानकारी लगी है कि इन लोगों के बीच रात में विवाद भी हुआ था। महिला के शव के पास सल्फास का पैकेट भी पाया गया है। पुलिस फिलहाल बच्ची के सहारे महिला के परिजनों का पता करने में लगी है। लेकिन अब तक परिजनों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्यवाही की। महिला के साथ लॉज में आकर रुका मनीष खरे भी शीतलामाई क्षेत्र का रहने वाला बताया जाता है और उसका कोई पता नहीं है कि वह लॉज से निकलकर कब कहां चला गया पुलिस उसके संबंध में भी पतासाजी कर रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को संदिग्ध मानकर जांच पड़ताल में जुटी है।

