Site icon Yashbharat.com

यहां किसान रातभर जागकर कर रहे हैं अफीम के खेतों की रखवाली

मध्यप्रदेश में अफीम किसानों की नींद इन दिनों उड़ी हुई है. दरअसल, अफीम उत्पादक मालवांचल के नीमच, मंदसौर सहित कई स्थानों पर इन दिनों अफीम की फसल में चीरा लगाने का काम चल रहा है. अफीम के पौधों पर जब चीरा लगाया जाता है तो खेतों में अफीम व डोडे की चोरी का अंदेशा भी बढ़ जाता है।

इस इलाके में पहले भी अफीम की लूट सहित डोडा चोरी की वारदातें हो चुकी हैं तो किसान अपने खेतों पर  टोलियां बनाकर पहरा दे रहे हैं.जिससे की अफीम को चोरी होने से बचाया जा सके.किसान ही नहीं इन खेतों की रखवाली के लिए पुलिस की टीम रात में लगातार गश्त पर रहती हैं।

नीमच जिले के रेवली-देवली के किसान मोहन नागदा ने बताया कि जब अफीम को निकलने का काम चलता है तो तस्कर भी काफी सक्रिय हो जाते हैं।

उन किसानों को ज्यादा परेशानी होती है जिनके खेत सड़क किनारे पर हैं. सड़क से गुजरने वाले ट्रक चालक तस्करों से मिलकर कई बार इनके खेतों से अफीम चुरा ले जाते हैं।

रखवाली कर रहे युवक राहुल ने बताया कि कई बार तो तस्कर अफीम चुराने के लिए किसानों पर जानलेवा हमला भी कर देते हैं. सुरक्षा के लिए ये किसान अपने पास लाइसेंसी हथियार भी रखते हैं।

इस बारे में नीमच के एएसपी जितेंद्र पंवार से बात कि तो उन्होंने बताया कि पूरे इलाके को दस भागों में बांटकर पुलिस की टीमें गठित की गई हैं जो रात में किसानों के संपर्क में रहती हैं।

Exit mobile version