मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 5 फीसदी DA बढाने का तोहफा दे सकते हैं कमलनाथ
भोपाल। कमलनाथ सरकार एक नवंबर को प्रदेश के स्थापना दिवस पर कर्मचारियों को पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) बढ़ाने का तोहफा दे सकती है। इसे लेकर वित्त विभाग और मुख्यमंत्री कार्यालय मशक्कत कर रहा है। उधर, सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों से पूछा है कि कौन-कौन सी घोषणाएं की जा सकती हैं।
मुख्य समारोह भोपाल में मुख्यमंत्री कमलनाथ की अध्यक्षता में होगा
सूत्रों का कहना है कि स्थापना दिवस का मुख्य समारोह भोपाल में मुख्यमंत्री कमलनाथ की अध्यक्षता में होगा। इसमें मुख्यमंत्री कुछ बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं। इसे लेकर विभागों में तैयारियां की जा रही हैं।
विभागों से पूछा कौन-सी घोषणा मुख्यमंत्री से करवाना चाहते हैं
सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों से पूछा है कि वे कौन-सी घोषणा मुख्यमंत्री से करवाना चाहते हैं। उधर, कर्मचारी संगठन सरकार के ऊपर महंगाई भत्ता 12 से बढ़ाकर 17 प्रतिशत करने का दबाव बना रहे हैं।
वित्त विभाग ने भी फाइल आगे बढ़ा दी है
केंद्र सरकार एक जुलाई 2019 से केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ा चुकी है। वित्त विभाग ने भी इसकी फाइल आगे बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि नवंबर का वेतन जो दिसंबर में मिलेगा, उससे महंगाई भत्ता बढ़ाकर दिया जा सकता है। एरियर की राशि भविष्य निधि खाते में जमा करवाई जाएगी।
कर्मचारी सहित अन्य वर्गों से जुड़ीं घोषणाएं भी संभव
इसके अलावा कर्मचारी सहित अन्य वर्गों से जुड़ीं वह घोषणाएं भी मुख्यमंत्री कमलनाथ कर सकते हैं, जिनको लेकर सरकार आने वाले समय में कदम उठाएगी। स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मुख्य सचिव सुधिरंजन मोहंती लगातार बैठकें कर रहे हैं।








