भोपाल। विधानसभा चुनाव से छह महीने पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस के नये अध्यक्ष कमलनाथ के स्वागत में भोपाल में एयरपोर्ट से कांग्रेस दफ़्तर तक भव्य रैली निकाली गई. इस रैली के पहले न्यूज18 से खास बातचीत में कमलनाथ ने कहा कि बीजेपी भगाओ मध्य प्रदेश बचाओ.
राजधानी भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट पर न्यूज18 से चर्चा करते हुए कमलनाथ ने नया नारा देते हुए कहा, ‘बीजेपी भगाओ मध्य प्रदेश बचाओ.’ कमलनाथ ने कहा, ‘आज सब कांग्रेस जन में एक ही नारा है प्रदेश बचाओ, भारतीय जनता पार्टी भगाओ. यही नारा लेकर सारे कांग्रेसी भोपाल पहुंचे हैं
बता दें कि कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष कमलनाथ आज भोपाल पहुंचे हैं. कमलनाथ और चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख ज्योतिरादित्य सिंधिया रोड शो कर हवाईअड्डे से कांग्रेस कार्यालय पहुंचे. इसके बाद कमलनाथ और चार अन्य कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास रावत, बाला बच्चन, जीतू पटवारी और सुरेंद्र चौधरी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर पद्भार ग्रहण करेंगे.
कांग्रेस के इस मेगा शो में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, अरुण यादव, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह,पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी भी मौजूद हैं.

