उज्जैन में दुखद हादसा: 10वीं के छात्र की स्कूल बस में चढ़ते समय मौत, कार्डियक अरेस्ट की आशंका

उज्जैन में दुखद हादसा: 10वीं के छात्र की स्कूल बस में चढ़ते समय मौत, कार्डियक अरेस्ट की आशंका

उज्जैन। शहर की श्रीकृष्ण कॉलोनी में रहने वाले 10वीं कक्षा के 16 वर्षीय छात्र विधान कुशवाह की सोमवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने से दुखद मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि छात्र की मौत कार्डियक अरेस्ट (हार्ट अटैक) के कारण हुई है। इस अचानक हुई घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

बस में चढ़ते ही बिगड़ी तबीयत, अचेत होकर गिरा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेंट थॉमस स्कूल में पढ़ने वाला विधान कुशवाह सोमवार सुबह करीब 7:00 बजे रोजाना की तरह स्कूल जाने के लिए अपने घर से निकला था।

जैसे ही वह स्कूल बस में चढ़ने लगा, तभी अचानक उसकी तबीयत खराब हुई और वह अचेत होकर नीचे गिर पड़ा। बस के पास मौजूद लोगों और परिजनों ने बिना समय गंवाए उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार में छाया मातम

मृतक छात्र के पिता संजय कुशवाह स्थानीय फल कारोबारी हैं। हंसते-खेलते बेटे की अचानक मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

↑
Exit mobile version