महावीर कॉलोनी में चोरों का आतंक, दरवाजे और ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं से रहवासी चिंतित, रात में सतर्क रहने की अपील
महावीर कॉलोनी में चोरों का आतंक, दरवाजे और ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं से रहवासी चिंतित, रात में सतर्क रहने की अपी
कटनी(YASHBHARAT.COM)। वैसे तो वर्तमान में पूरा शहर ही चोरों के निशाने पर है लेकिन माधवनगर थाना क्षेत्र की झिंझरी पुलिस चौकी के अंतर्गत स्थित महावीर कॉलोनी में इस समय रोज रात को पुलिस की जगह चोर गश्त कर रहे हैं। कुछ समय पूर्व यहां चोरी की वारदात के कारण पहले से ही यहां के रहवासी भय दहशत में हैं और आये दिन लोगों के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज में बदमाश मुंह में नकाब लगा कर और हाथ में चोरी करने के ओजार लेकर आराम से रैकी करते हुए देखे जा रहे हैं। कॉलोनीवासियों के द्वारा कई बार इस बात का ध्यान पुलिस की ओर आकर्षित कराते हुए कालोनी में रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की गई लेकिन स्थिति ढाक के तीन पात रही। जिसके कारण अब कालोनी के लोग कालोनी के व्हाट्सएप ग्रुपों में मेसेज करके पुलिस के भरोसे न रहने और मिल कर सतर्क रहने संबंधी मैसेज कर रहे हैं। बताया जाता है कि बीते दिनों फिर कालोनी के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज में मुंह में नकाब लगा और हाथ में औजार लेकर कुछ बदमाश रेकी करते हुए चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। जिसके कारण रहवासियों में चिंता का माहौल है। बताया जा रहा है कि अज्ञात चोर रात के समय कॉलोनी में सक्रिय होकर घरों के दरवाजे एवं ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने का प्रयास करते हैं।
रहवासियों के अनुसार, संदिग्ध लोग चेहरे पर मास्क लगाए रहते हैं और चोरी के लिए आवश्यक विभिन्न प्रकार के औजार साथ लेकर घूमते हैं। इनकी गतिविधियां विशेष रूप से रात करीब 3 बजे से 4 बजे के बीच देखे जाने की बात सामने आई है।
चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए कॉलोनी के रहवासियों से सतर्क रहने की अपील की गई है। लोगों से कहा गया है कि रात के समय अपने घरों के दरवाजे एवं खिड़कियां अच्छी तरह बंद रखें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। रहवासियों ने क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की भी मांग पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा से की है।