बहला-फुसलाकर झोपड़ी में ले गया अतिथि शिक्षक, छात्रा के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने पेड़ से बांधकर सिखाया सबक
रतलाम में शर्मसार करने वाली घटना: नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, ग्रामीणों ने अतिथि शिक्षक को पेड़ से बांधकर पीटा
बहला-फुसलाकर झोपड़ी में ले गया अतिथि शिक्षक, छात्रा के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने पेड़ से बांधकर सिखाया सबक
क्राइम डेस्क (रतलाम)।मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से एक बेहद संवेदनहीन और शर्मनाक मामला सामने आया है। ताल थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में ग्रामीणों ने अतिथि शिक्षक को रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद उग्र हुए ग्रामीणों ने शिक्षक को एक पेड़ से बांध दिया और उसकी बेरहमी से पिटाई की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
बहाने से झोपड़ी में ले गया था शिक्षक
जानकारी के अनुसार, घटना 3 अक्टूबर की बताई जा रही है। आरोप है कि ताल थाना क्षेत्र के एक स्कूल में पदस्थ अतिथि शिक्षक योगेंद्र जाटव (मूल निवासी शेरपुर, जिला मुरैना) ने नाबालिग छात्रा को किसी बहाने से बुलाया और पास ही स्थित एक झोपड़ी में ले गया। वहां उसने छात्रा के साथ गलत नीयत से छेड़छाड़ शुरू कर दी।
छात्रा के शोर मचाने पर आसपास मौजूद उसके परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने शिक्षक को मौके पर ही धर दबोचा।
पेड़ से बांधकर पीटा, रोता रहा आरोपी
सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक को रस्सी से पेड़ बांध रखा है। इस दौरान लोग उसे थप्पड़ों और रस्सी से पीटते दिख रहे हैं। वीडियो में शिक्षक हाथ जोड़कर रो-रोकर छोड़ने की गुहार लगा रहा है, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला संभाला
घटना की सूचना मिलते ही ताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी शिक्षक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं कानून हाथ में लेकर मारपीट करने के पहलू पर भी जांच की जा रही है।