भारत बंद के दौरान मिली साइकिल’ पुलिस कस्टडी में, चुनाव में इस्तेमाल होगी

जबलपुर। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के विरोध में बीते सोमवार को जबलपुर बंद के दौरान कांग्रेसियों ने प्रतीकात्मक रूप से ज्ञापन के बदले प्रशासन को नई साइकिल सौंपी। प्रशासन ने साइकिल ले तो ली, लेकिन इस पसोपेश में फंस गया कि अब इसका करे क्या। फिलहाल साइकिल को पुलिस कस्टडी में रखा गया है। काफी सोच-विचार के बाद प्रशासन ने साइकिल का इस्तेमाल चुनाव के दौरान करने का मन बनाया है। मसलन किसी ऐसे कर्मचारी को साइकिल दी जाएगी, जो चुनाव के दौरान डाक या अन्य दीगर सामान इधर से उधर ला और ले जा सके। इसके बाद साइकिल किसी जरूरतमंद व्यक्ति को सौंपी जा सकती है।

पेट्रोल-डीजल की मूल्य वृद्धि के विरोध में किया था प्रदर्शन

इसके पहले सौंप चुके चूड़ी-मटके

संभवतः जिले में यह पहला प्रदर्शन होगा जब किसी संगठन ने प्रशासन को साइकिल सौंपी हो। इसके पहले प्रदर्शनकारी प्रशासनिक अधिकारियों को चूड़ी, मटके सौंपकर विरोध जता चुके हैं। बहरहाल ज्ञापन के बदले मिली साइकिल को एसडीएम ने ओमती पुलिस की अभिरक्षा में दे दिया है। ताकि साइकिल सुरक्षित रखी रहे।

साइकिल का इस्तेमाल किया जाएगा। चुनाव आने वाले उसमें भी उपयोग किया जा सकता है। यदि कोई जरूरतमंद होगा तो उसे भी साइकिल दे दी जाएगी।

-छवि भारद्वाज, कलेक्टर

Exit mobile version