5 किमी के 1500 रुपए वसूले, धमकाकर सवारियों को रास्ते में उतारा,मुड़वारा स्टेशन से ऑटो में बैठाया, रपटा पेट्रोल पंप के पास चालक ने की जबरन वसूली
5 किमी के 1500 रुपए वसूले, धमकाकर सवारियों को रास्ते में उतारा,मुड़वारा स्टेशन से ऑटो में बैठाया, रपटा पेट्रोल पंप के पास चालक ने की जबरन वसूल
कटनी। मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह दो यात्रियों के साथ ऑटो चालक द्वारा कथित तौर पर मनमानी किराया वसूलने और धमकाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चालक ने महज करीब 5 किलोमीटर की दूरी के लिए यात्रियों से 1500 रुपए वसूल लिए और इसके बाद उन्हें रास्ते में उतारकर ऑटो लेकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार यात्री राजकुमार सिंह अपने साथी विजय के साथ बांदकपुर से ट्रेन द्वारा मुड़वारा रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। दोनों को आगे शहडोल जाना था। स्टेशन के बाहर एक ऑटो चालक ने दोनों को शहडोल जाने के लिए रास्ते में छोड़ने की बात कहते हुए प्रति व्यक्ति 30 रुपए किराया तय किया और उन्हें ऑटो में बैठा लिया।
आरोप है कि ऑटो चालक यात्रियों को तय स्थान तक ले जाने के बजाय रपटा पेट्रोल पंप के पास ऑटो रोककर 1500 रुपए की मांग करने लगा। यात्रियों ने तय किराए के अनुसार 60 रुपए देने की बात कही, तो चालक कथित तौर पर धमकी देने लगा। उसने मोबाइल छीनने और मारपीट करने की धमकी दी।
धमकी से घबराए यात्रियों ने विवाद से बचने के लिए मजबूरी में चालक को 1500 रुपए दे दिए। रुपए लेने के बाद चालक दोनों यात्रियों को रास्ते में उतारकर ऑटो लेकर फरार हो गया। घटना के बाद यात्रियों ने मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से करने की बात कही है। यात्रियों ने ऑटो चालकों की मनमानी और यात्रियों से अवैध वसूली पर कार्रवाई की मांग की है।