अमित शाह के रोडमैप पर काम की समीक्षा करेंगे अनिल जैन, आज बैठक
भोपाल । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अनिल जैन बुधवार को प्रदेश भाजपा नेताओं के साथ पार्टी के कामकाज की समीक्षा करेंगे। जैन मुख्य रूप से पिछले साल पार्टी अध्यक्ष अमित शाह द्वारा तय किए गए कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट लेंगे और चुनावी तैयारियों को लेकर कोर ग्रुप व चुनाव प्रबंधन समिति के साथ बैठक करेंगे।
अनिल जैन अपने दौरे को लेकर एक फीडबैक राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को देंगे और इसके बाद शाह का जून में मप्र दौरे का कार्यक्रम तय होगा। जैन दोपहर तीन बजे पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष और संगठन मंत्रियों की बैठक लेंगे। इस बैठक में वे सभी मोर्चों और संभागीय प्रभारियों के कामकाज की समीक्षा करेंगे।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले सौदान सिंह मप्र आए थे। उस समय संभागीय प्रभारियों द्वारा संभाग में दौरे नहीं करने को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई थी। अनिल जैन मोर्चों के कामकाज और अमित शाह द्वारा दिए गए कामों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसके बाद वे शाम छह बजे कोर ग्रुप और चुनाव प्रबंध समिति की बैठक में हिस्सा लेंगे। कोर कमेटी और चुनाव प्रबंधन की बैठक में भाजपा विधायकों व मंत्रियों के क्षेत्र में सर्वे और पदाधिकारियों के चुनाव लड़ने के मुद्दे पर भी चर्चा होगी।
बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, संगठन महामंत्री सुहास भगत भी मौजूद रहेंगे।