Corona; कोरोना वायरस के कारण लोकपाल के सदस्य जस्टिस एके त्रिपाठी (रिटायर) का निधन हो गया है। उन्हें 2 अप्रैल को कोरोना वायरस होने के बाद ऐम्स में भर्ती किया गया था। तब उनकी बेटी और रसोइये में भी हाई लोड कोरोना वायरस मिला था। जस्टिस त्रिपाठी का आईसीयू में इलाज चल रहा था। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। जस्टिस त्रिपाठी पूर्व में छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रहे थे। भ्रष्टाचार के खिलाफ बनाए गए लोकपाल का उन्हें सदस्य नियुक्त किया गया था। उन्होंने 1981 में पटना हाई कोर्ट से करियर की शुरुआत की थी। पटना हाई कोर्ट के एडिशनल जज और छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रहने के बाद 23 मार्च 2019 को उन्हें लोकपाल का सदस्य नियुक्त किया गया था।
बेटी से फैला संक्रमण
बताया जा रहा है कि पहले उनकी बेटी को कोरोना हुआ था। वह लंदन से आई थीं। इसके बाद जस्टिस एके त्रिपाठी भी चपेट में आ गए। शुरुआत से ही जस्टिस त्रिपाठी की हालत गंभीर थी और सांस नहीं ले पा रहे थे। इस कारण उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। इस दौरान उन्हें उल्टा लेटाकर वेंटिलेटर सपोर्ट दिया गया था। इसका असर भी दिखा और एक समय वह वेंटिलेटर से बाहर आ गए थे। इससे डॉक्टरों को उम्मीद बनी थी कि वह बच जाएंगे, लेकिन वेंटिलेटर हटाने के एक-दो दिन बाद ही उनकी स्थिति खराब हो गई।

