बेरूत धमाके को लेकर उपजे जनाक्रोश के चलते लेबनान के प्रधानमंत्री ने पूरी कैबिनेट के साथ दिया इस्तीफा
बेरुत, एजेंसियां। लेबनान की राजधानी बेरुत में शक्तिशाली धमाके के बाद लोगों की मांग के आगे झुकते हुए प्रधानमंत्री हसन दियाब (Lebanon PM Hassan Diab) ने इस्तीफा दे दिया है।
विस्फोट से नाराज लोग सरकारी महकमे की लापरवाही और सरकार की अयोग्यता के आरोप लगाते हुए सड़कों पर उतर आए थे और पूरी सरकार से त्यागपत्र की मांग कर रहे थे।
यही नहीं जनता के भारी आक्रोश के चलते एक-एक करके मंत्रियों ने इस्तीफा देना शुरू कर दिया था। देश में भारी जनाक्रोश के चलते सरकार काफी दबाव में थी।
राष्ट्रपति स्वीकार किया इस्तीफा
टेलीविजन पर प्रसारित अपने संदेश में दियाब ने कहा कि वे आम लेबनानी लोगों की इस मांग का समर्थन करते हैं कि इस अपराध के लिए जिम्मेदार लोगों को कानून के दायरे में लाया जाए।
सोमवार को कैबिनेट की बैठक के बाद दियाब ने प्रधानमंत्री पद से अपने त्यागपत्र की घोषणा की।
लेबनान के राष्ट्रपति माइकल आउन (Michel Aoun) ने प्रधानमंत्री समेत पूरी सरकार का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। हालांकि राष्ट्रपति ने हसन दियाब से नई सरकार के गठन तक पद पर बने रहने को कहा है।