समय पर नियमित रैक उपलब्ध न हो पाने के कारण आज विलंब से चली जबलपुर रीवा जबलपुर शटल, जमकर परेशान हुए यात्री
कटनी(YASHBHARAT.COM)। बुलट ट्रेन जैसी रफ्तार पर काम कर रहा रेलवे अपनी नियमित ट्रेनों का संचालन समय पर नहीं कर पा रहा है। आए दिन ट्रेनों के विलंब होने से यात्री परेशान होते है । खास कर जबलपुर रेल मंडल की गाड़ी संख्या 11705/11706 जबलपुर-रीवा-जबलपुर शटल जैसी ट्रेन यदि दो से चार और पांच घंटे विलंब से चले तो यात्रियों की मुश्किले और अधिक बढ़ जाती हैं। वह तो गनिमत रही कि आज रविवार था नहीं अप डाउनर्स के लिए पंसदीदा यह ट्रेन सबसे ज्यादा अप डाउनर्स को ही परेशान करती। बहरहाल रेल सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नियमित रैक समय पर उपलब्ध न होने के कारण आज गाड़ी संख्या 11705 जबलपुर रीवा शटल जबलपुर से सुबह 7 बजे की बजाय 3 घंटे विलंब से लगभग 10 बजे रवाना हुई और पौने 5 बजे के लगभग रीवा पहुंची। वापसी में गाड़ी संख्या 11706 रीवा जबलपुर शटल 5 बजे के लगभग रीवा से रवाना हुई और समाचार लिखे जाने तक पकरिया स्टेशन पहुंची थी। गौरतलब है कि सुबह इंटसिटी एक्सप्रेस के बाद रीवा से जबलपुर व कटनी के लिए कोई ट्रेन नहीं है। सुबह ग्रामीण क्षेत्र के लोग इंटरसिटी में नहीं पहुंच पाते है। ऐसे में शटल ट्रेन में यात्रियों की भीड़ रहती है। लेकिन इस ट्रेन के विलंब होने से यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।