यात्री ट्रेनों में बढ़ा नकली व असली किन्नरों का आतंक, क्षिप्रा एक्सप्रेस में यात्री के साथ मारपीट के बाद ट्रेन से नीचे फेंका, हालत गंभीर, आरपीएफ व जीआरपी की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में

कटनी(YASHBHARAT.COM)। रेल प्रशासन की अनदेखी और आरपीएफ व जीआरपी की लापरवाही या यूं कहे कि वसूली में हिस्सेदारी के कारण ट्रेनों में असली व नकली किन्नरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। असली हो या नकली दोनों प्रकार के किन्नरों का आतंक इतना अधिक बढ़ गया है कि अब ये किन्नर यात्रियों के द्वारा पैसे न देने पर न केवल उनके साथ मारपीट करने से पीछे हट रहे हैं बल्कि यात्रियों का सामान छीनकर उनको चलती ट्रेन से धक्का देकर यात्रियों की जान तक लेने की कोशिश करने लगे हैं। ऐसी ही एक घटना बीती शुक्रवार को प्रयागराज-मानिकपुर रेलखंड के शंकरगढ़ रेल स्टेशन के पास देखने को मिली। जिसमें किन्नरों ने चलती ट्रेन से युवक की पिटाई करके नीचे फेंक दिया। इससे उसका पैर टूट गया और गंभीर चोट आई। रेलवे पुलिस घायल को स्वास्थ्य केंद्र ले गई। जहां चिकित्सक ने हालत गंभीर देख प्रयागराज रेफर किया। युवक दमोह की यात्रा कर रहा था।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि शंकरगढ़ रेलवे स्टेशन के आगे तालापार गांव के पास घायल पड़े यात्री की सूचना ड्यूटी पर मौजूद महिला पुलिस रीना यादव को मिलने पर उन्होंने तत्काल आरपीएफ शंकरगढ़ चौकी प्रभारी गंभीर सिंह को दी। सूचना मिलते ही गंभीर सिंह, राजेश सिंह तथा जीआरपी के सिपाही अनूप सिंह मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जबरन पैसों की मांग कर रहे थे किन्नर

बताया जा रहा है कि रवि कुमार 18 वर्ष पुत्र अनंत राम ग्राम सकरौली, थाना कोचस,जिला रोहतास, बिहार शुक्रवार को प्रात: लगभग 9 बजे शिप्रा एक्सप्रेस से दमोह मध्य प्रदेश जा रहे थे कि शंकरगढ़ रेलवे स्टेशन से जैसे ही ट्रेन आगे बढ़ी तीन किन्नर आए और जबरन पैसा मांगने लगे।

बैग छीनने का विरोध करने पर किन्नरों ने की मारपीट 

रवि के मना करने पर उसका बैग छीन कर किन्नर जाने लगे, तब वह अपना बैग छुड़ाने लगा। तभी तीनों किन्नरों से उसे बुरी तरह पिटाई करने के बाद ट्रेन को रोक कर तालापार रोड की ओर गहरे गड्ढे व झाड़ी में फेक दिया।

दमोह में हार्वेस्टर चलाता है पीड़ित 

आसपास के लोगों ने ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिस को घटना के बारे ने बताया। घायल युवक मध्य प्रदेश के दमोह में हार्वेस्टर चालक है। वहीं जा रहा था। घटना के बाद यात्रियों में आक्रोश देखा गया। स्टेशन पर मौजूद लोगों ने ट्रेनों में कथित रूप से अवैध वसूली करने वाले किन्नरों तथा यात्रियों से अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

↑
Exit mobile version