बीजेपी को बड़ा झटका, विधायक के पति ने थामा कांग्रेस का हाथ
रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिला पंचायत अध्यक्ष और भाजपा विधायक नीलम मिश्रा के पति अभय मिश्रा ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया है. अभय मिश्रा ने दिल्ली में कांग्रेस के मध्य प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ली.
वर्तमान में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय मिश्रा भाजपा के पूर्व विधायक भी रह चुके हैं. उनकी पत्नी नीलम मिश्रा वर्तमान में सेमरिया से भाजपा विधायक हैं. अभय मिश्रा 2008 में भाजपा के टिकट पर सेमरिया से विधायक बने थे, उसके बाद 2013 में उनकी पत्नी नीलम उसी सीट से चुनाव जीती थीं.
अभय मिश्रा के कांग्रेस में शामिल होने पर भाजपा का बयान आया है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार सिंह चौहान ने कहा कि ये बगावती नहीं भगावती तेवर हैं.
प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार सिंह ने कहा कि कुछ दिन पहले अभय मिश्रा को पार्टी से निलंबित किया गया था. पार्टी को उनके रंग ढंग पहले से पता थे. हालांकि अभी अभय मिश्रा और कांग्रेस का कोई बयान नहीं आया है.

