फ्लैग मीटिंग के दौरान बांग्लादेशी सैनिकों ने BSF जवानों पर चलाई गोलियां, हेड कॉन्स्टेबल शहीद
कोलकाता । भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा (Indo-Bangla Border) पर फ्लैग मीटिंग (Flag Meeting) के दौरान बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (Border Guards Bangladesh) के सैनिकों ने एके-47 राइफल से फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान बीएसएफ (BSF) के हेड कॉन्स्टेबल विजय भान सिंह (Vijay Bhan Singh) ने दम तोड़ दिया, जबकि एक कॉन्स्टेबल गंभीर रूप से घायल है। घायल जवान को मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज (Murshidabad Medical College) ले जाया गया है।
बताया जा रहा है कि गुरूवार सुबह 3 भारतीय मछुआरे भारत-बांग्लादेश बॉर्डर के पास पद्मा नदी में मछली पकड़ने के लिए गए थे। उसमें से 2 मछुआरे तो वापस आए, लेकिन तीसरे को बांग्लादेश के सैनिकों ने गिरफ्तार कर लिया । वापस लौटे दोनों मछुआरों ने बीएसएफ को आकर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश ने तीनों को पकड़ लिया था और फिर 2 को छोड़कर उनसे बीएसएफ पोस्ट कमांडर को फ्लैग मीटिंग के लिए बुलाने को कहा है।
जानकारी के मुताबिक सुबह 10.30 बजे के करीब पोस्ट कमांडर, एक सब-इंस्पेक्टर और छह सदस्यीय बीएसएफ का दल फ्लैग मीटिंग के लिए गया। बीएसएफ के अधिकारियों के मुताबिक बांग्लादेशी सैनिकों ने भारतीय मछुआरे को नहीं छोड़ा। इसके अलावा बीएसएफ की टीम की घेराबंदी करने की कोशिश की।
WB: Border Guards Bangladesh (BGB) troops opened fire on BSF party which was trying to trace an Indian fisherman. Head Constable Vijay Bhan Singh received bullet injuries on his head & later succumbed to his injuries. Another Constable has been taken to a hospital in Berhampore.
एके-47 राइफल से चलाई गोलियां
हालात को समझते हुए बीएसएफ के जवान अपनी नाव में बैठकर वापस आने लगे। इसी दौरान बॉर्डर गार्ड्स बांग्लादेश की टुकड़ियों ने BSF के जवानों पर एके-47 राइफल से गोलियां चलानी शुरू कर दी। इस दौरान हेड कॉन्स्टेबल विजय भान सिंह को सिर पर गोलियां लगीं और अन्य कॉन्टेबल को दाहिने हाथ पर गोलियां लगी।
दोनों सेनाओं के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध
बता दें कि दोनों देशों की सेनाओं के बीच संबंध बहुत सौहार्दपूर्ण रहे हैं और दशकों से उनके बीच गोली चलने की एक भी घटना नहीं है। जानकारी के मुताबिक एहतियातन भारत-बांग्लादेश की सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसके अलावा आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं।


