Site icon Yashbharat.com

पहले 90 प्रतिशत संक्रमण, बाद में दी नार्मल रिपोर्ट, मरीज ने CT स्कैन सेंटर पर ठोंका एक करोड़ का दावा

wp 1618845048892

कटनी। जिले में एक तरफ जहां कोरोना संक्रमण खतरनाक रूप लेता जा रहा है तो वहीं दूसरी तरफ बरगवां में संचालित निजी सीटी स्केन सेंटर की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। सेंटर में सीटी स्केन कराने गई द्वारिका सिटी निवासी एक महिला को करीब 90 प्रतिशत संक्रमण बता दिया गया, जबकि उसकी हालत ठीक थी और दूसरी बार चार पांच दिन बाद जब सीटी स्केन कराया गया तो उसे बिल्कुल भी संक्रमण नहीं पाया गया।

इस दौरान महिला और उसका पूरा परिवार मानसिक तनाव में रहा। इस पूरे मामले को लेकर अधिवक्ता मौसूफ अहमद ने हाइटेक एमआरआई एंड सीटी स्कैन सेंटर ग्राउंड फ्लोर आनंद बिल्डिंग बिहाइंड महिंद्रा ट्रैक्टर जबलपुर रोड बरगवां कटनी के प्रभारी अधिकारी प्रोप्राइटर को इस त्रुटि के एवज में एक करोड़ रूपए का रजिस्टर्ड नोटिस भेजा है।

नोटिस में कहा गया है कि एक करोड़ रूपए की राशि जनकल्याणर्थ रेडक्रॉस सोसाइटी में जमा की जाए। अधिवक्ता मौसूफ अहमद ने बताया कि उनके पक्षकार द्वारका सिटी निवासी 44 वर्षीय श्रीमती कोमल चंचलानी पति संजय चंचलानी 11 अप्रैल को बरगवां स्थित निजी सीटी स्कैन सेंटर में सीटी स्कैन कराने के लिए गईं थी। सीटी स्कैन रिपोर्ट में महिला को करीब 90 प्रतिशत संक्रमण बताया गया।

महिला का कहना था कि उसे अधिक संक्रमण महसूस नहीं हो रहा है। इसके बावजूद महिला की बातों को अनसुना कर दिया गया और उसे तत्काल भर्ती होने की सलाह दी। सीटी स्केन की रिपोर्ट मिलने के बाद महिला और उसके परिजन मानसिक तनाव में आ गए और अस्पतालों के चक्कर लगाते रहे, तब कहीं जाकर एक अस्पताल में उसे जगह मिल पाई।

जब अस्पताल में इलाज शुरू हुआ, दवाइयां चालू हुईं, उसके बाद वहां के डॉक्टर द्वारा जांच की गई तो उन्हें भी शंका हुई और उन्होंने एक बार सीटी स्कैन कराने  के लिए कहा। महिला ने पुन: सीटी स्कैन कराया तो नार्मल रिपोर्ट दी गई। सीटी स्केन सेंटर के संचालक ने परिजनों से कहा कि हमसे यह गलती हो गई है। किसी और कि रिपोर्ट का विवरण आपकी रिपोर्ट में दे दिया गया था। यह हमारी चूक है। इस प्रकार की गंभीर त्रुटि के लिए महिला के परिजनों द्वारा अपने अधिवक्ता मौसूफ अहमद बिट्टू के माध्यम से सीटी स्केन सेंटर संचालक को नोटिस भेजा गया है। जिसमे रेडक्रॉस सोसायटी में एक करोड़ रूपए जमा करने के लिए कहा गया है।

Exit mobile version