देश में कोरोना से 1984 मौतें, एक दिन में 94 लोगों की जान गई
नई दिल्ली. कोरोना संक्रमण की वजह से देश में मरने वालों की संख्या 1984 हो गई है। शुक्रवार को 94 संक्रमितों ने दम तोड़ा। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 37 मरीजों की मौत हुई।
इसमें 25 लोग मुंबई से थे। इसी के साथ पूरे राज्य में मरने वालों की संख्या 700 पार हो गई। अब तक यहां 731 लोग जान गंवा चुके हैं। अकेले मुंबई में 462 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। गुजरात में 24 संक्रमितों ने दम तोड़ा। यहां मरने वालों की संख्या 449 हो गई है।
पश्चिम बंगाल में 9, मध्य प्रदेश में 7, उत्तर प्रदेश में 4, राजस्थान में 4, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में 3-3 मरीजों की मौत हुई। पंजाब, हरियाणा और असम में 1-1 संक्रमितों ने जान गंवाई। इसके पहले गुरुवार को 106 मरीजों की मौत हुई थी।
8 दिनों में 904 लोगों की मौत
देश में पिछले 8 दिन सबसे ज्यादा मौतें हुईं। आंकड़ों पर नजर डालें तो 1 से 8 मई के बीच 904 लोगों की जान संक्रमण के चलते गई है। देश के 5 राज्य ऐसे हो गए हैं जहां 100 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। इनमें महाराष्ट्र में 731, गुजरात में 449, पश्चिम बंगाल में 160, मध्य प्रदेश में 200 और राजस्थान में 103 मौतें हुईं हैं।