दमोह में कार ने बाइक सवार जीजा-साले को मारी टक्कर, जीजा की मौत
accident
दमोह । शुक्रवार की रात दमोह जबलपुर मार्ग पर बाइक से जा रहे जीजा साले को कार सवार ने टक्कर मार दी जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया जहां हालत नाजुक होने पर जबलपुर रेफर किया गया जहां जीजा की मौत हो गई और साला गंभीर स्थिति में इलाजरत है। पुलिस ने कार को जप्त कर लिया है और कार चालक की तलाश की जा रही है। जबलपुर नाका चौकी पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार परम पिता दयाराम विश्वकर्मा निवासी जबलपुर नाका और उसका साला राजेंद्र विश्वकर्मा अपनी दुकान से रात करीब 11 बजे घर जा रहे थे। सुख सागर रेस्टोरेंट के समीप पहुंचते ही जबलपुर से दमोह की ओर आ रही एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार जीजा साले को टक्कर मार दी जिससे दोनों लोग सड़क के दूसरी ओर जा गिरे।
घटना के बाद कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और कार चालक मौके से भाग गया। 108 की मदद से घायलों को जिला अस्पताल लाया गया वहां से जबलपुर ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान जीजा परम पिता दयाराम की मौत हो गई और साले राजेंद्र विश्कर्मा का इलाज चल रहा है।