Site icon Yashbharat.com

जन अशीर्वाद लेने एक अगस्त को आयेंगे सीएम, रात्रि विश्राम भी कर सकते हैं कटनी में

shivraj rath

कटनी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा एक अगस्त को कटनी पहुंचेगी। हालांकि अभी तक इस बावद कोई अधिकृत कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है लेकिन भाजपा ने अपनी तैयारियां शुरू कर दीं हैं। भाजपा सूत्रों के मुताबिक जिले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की जन आशीर्वाद यात्रा फिलहाल तीन विधानसभाओं तक पहुंचेगी।

भाजपा ने शुरू की तैयारियां कल आवश्यक बैठक

सबसे पहले विजयराघवगढ़ फिर बड़वारा उसके बाद यात्रा कटनी पहुंचेगी। अभी तक के कार्यक्रम के अनुसार यात्रा का कटनी में रात्रि विश्राम भी होगा। जबकि 2 अगस्त को मुख्यमंत्री कटनी में ही प्रेस से मुखातिब होंगे। भाजपा सूत्रों की मानें तो पार्टी इसके पहले सभी चारों विधानसभाओं में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर पार्टी के पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं को विविध जिम्मेदारी भी देंगे।

वैसे तो सीएम जनता से आशीर्वाद लेने आ रहे हैं लेकिन इस यात्रा के बहाने वह विधायकों अथवा दावेदारों की टोह भी ले रहे हैं, लिहाजा विधायकों और विधानसभा के दावेदारों के लिए यह यात्रा शक्ति परीक्षण भी रहेगी। जिस विधानसभा में यात्रा पहुंचेगी वहां अधिक से अधिक संख्या में लोगों की उपस्थिति रहे इसकी जिम्मेदारी निर्धारित की गईं हैं।

कटनी की फिलहाल उन तीन विधानसभाओं में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह आशीर्वाद लेने पहुंच रहे हैं जहां भाजपा के विधायक हैं। माना जा रहा है कि अभी बहोरीबंद को इससे अलग रखा गया है और यात्रा के दूसरे चरण में सीएम बहोरीबंद आयेंगे। भाजपा ने जनआशीर्वाद यात्रा के मद्देनजर अपनी तैयारियां तेज कर दीं हैं। इसके लिए कल 21 जुलाई को सभी मोर्चा प्रकोष्ठों तथा भाजपा जनों की आवश्यक बैठक जिला कार्यालय में सुबह 11 बजे से रखी गई है।

Exit mobile version