जबलपुर, मुनप्र।आज 29 दिसम्बर हो गयी है और वर्ष 2018 को समाप्त होने मात्र दो दिन शेष रह गये हैं। नये साल की पूर्व संध्या पर क्लब, होटल, आदि स्थानों पर सास्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं। साथ ही मॉल एवं बाजार क्षेत्र तथा रेलवे स्टेशन बस स्टैण्ड में भी भीड़ भाड़ रहती है। सबसे ज्यादा दिक्कत शराब पीकर हंगामा करने वालों से होती है। शहर की सड़कों चौराहों में युवाओं की टोली नये वर्ष के स्वागत के नाम पर युवा वर्ग कुछ ज्यादा ही उत्साहित नजर आता है। युवाओं की टोली ने अभी से इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं कि नये साल के पूर्व संध्या पर क्या करना है। इन सबको देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर दीपक शुक्ला के द्वारा बीडीडीएस टीम एवं डॉग स्क्वाड के द्वारा रेलवे स्टेशन बस स्टैण्ड, शॉपिंग मॉल और भीड़भाड़ वाले बाजार व क्षेत्रों की सघन चैकिंग करायी जा रही है। 31 दिसम्बर की रात को शराब पीकर हुल्लड़ करने वालों को किसी कीमत पर नहीं बक् शा जाएगा। दुपहिया वाहनों में दो से ज्यादा सवारी बैठाने वालों पर भी पुलिस शिकंजा कसने तैयार है। कुल मिलाकर एक तरफ जहां नये साल को लेकर लोग अपने स्तर पर तैयारी कर रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने नये साल के मौके पर किसी तरह की अव्यवस्था न हो इसके लिए बाकायदा प्लानिंग भी कर ली है। नये साल के आगमन में भले ही अभी दो दिन हों लेकिन वाहनों की चैकिंग और संदिग्धों को तलाशने में पुलिस के कर्मचारी लग गये हैं। उल्लेखनीय है कि पूर्व में नये साल के मौके पर अनेक अप्रिय घटनाएं सामने आती रहीं हैं जिन्हें देखते हुए पुलिस इस बार पहले से ही सतर्क और अलर्ट नजर आ रही है।