Monday, May 18, 2026
jabalpur

पुलिस के कड़े पहरे में मनेगा नये साल का जश्र

हुड़दंगियों पर नकेल कसने पुलिस ने की पुख्ता तैयारी
जबलपुरप्रतिनिधि। नववर्ष के जश्न में आतिशबाजी के लिए सिर्फ 35 मिनट (रात 11.50 से 12.30 बजे) की छूट दी गई है। डीजे पर प्रतिबंध लगाया गया है और वाहनों की गति पर लगाम कसी जाएगी। दरअसल, नववर्ष की पूर्व संध्या पर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने की कवायद में पुलिस जुट गई है। पुलिस के सैकड़ों जवानों को धार्मिक व पर्यटन स्थलों, होटल, अहाते, क्लबों में सुरक्षा के लिए तैनात किया जाएगा। किसी ने यदि जरा भी हुड़दंग की तो पूरी रात थाने में बितानी पड़ेगी और वैधानिक कार्रवाई भी संभव है। प्रभारी एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने रविवार दोपहर पुलिस कंट्रोल रूम में तैयारियों की जायजा लिया। इस दौरान एएसपी शहर राजेश त्रिपाठी, एएसपी यातायात अमृत मीणा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
शराब पीकर वाहन चलाने पर लाइसेंस होंगे निरस्त
प्रभारी एसपी ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े जाने वालों का मेडिकल परीक्षण करवाते हुए ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई की जाएगी।
कई स्थानों पर फिक्स पिकेट्स, होगी चेकिंग
शहर में कई स्थानों पर फिक्स पिकेट्स लगाकर पुलिस वाहनों की चेकिंग करेगी। ब्रीथ एनालाइजर से पता चलेगा कि चालक नशे की हालत में तो नहीं है। स्पीडोमीटर से वाहनों की गति का पता लगाया जाएगा। एएसपी यातायात ने बताया कि 6 ब्रीथ एनालाइजर, 2 स्पीडोमीटर की सहायता से विभिन्न स्थानों पर जांच की जाएगी।
सादी वर्दी में होंगे जवान, रखेंगे नजर
शहर में जगह-जगह सादी वर्दी में पुलिस टीमें लगाई जाएंगी जो संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी। इस दौरान हुड़दंग मचाने, निर्धारित समय के बाद आतिशबाजी करने, प्रतिबंध के बावजूद डीजे बजाने व संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाया जाएगा। एसपी ने कहा कि नववर्ष के आयोजनों में नियमों का पालन न करने वालों से सख्ती से निबटा जाएगा।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply