बर्धमान । पश्चिम बंगाल में वहशियाना हरकत को अंजाम देते हुए 73 साल के एक बुजूर्ग के हाथों की सभी अंगुलियों को काट दिया गया। बुजूर्ग के साथ यह वारदात काले जादू के चक्कर में की गई है। गांव की कंगारू कोर्ट सालिशी सभा ने इस वारदात को उसके पुत्र से करवाया और इसके बाद अंगुलियों को फेंक दिया गया।
काले जादू के चक्कर में हाथों की अंगुलियों को काटने की यह वारदात बर्धमान से करीब 70 किलोमीटर दूर राधाकृष्णपुर गांव में हुई। गांव के रहने वाले फंडी सरदार पर गांव की ही एक लड़की ने काला जादू करने का आरोप लगाया था। लड़की का कहना है कि वह फंडी की वजह से बीमार हो गई। लड़की के परिवारवालों ने इस मामले में एक ओझा उत्तम देबांशी से संपर्क साधा। तब ओझा ने इस मामले में फंडी को जिम्मेदार ठहराया।
ओझा ने गांव में दूसरी महिलाओं की बीमारी के लिए भी फंडी को जिम्मेदार ठहराया और उसको परिवार को इस मामले में 8 अक्टोबर को गांव के मंदिर में पेश होने के लिए कहा। मंदिर में पेश होने के बाद ओझा ने गांव को बीमारियों से बचाने के लिए फंडी के दोनों हाथों की सभी अंगुलियों को काटने का आदेश दिया।
साथ ही यह भी कहा कि फंडी की अगुलियां उसका बड़ा लड़का हरीशचंद्र काटेगा। फंडी को ओझा के कहने पर मारते हुए उसके घर के मंदिर में ले जाया गया और आंगन में लगे तुलसी के पौधे में बुरी आत्मा के होने की बात कही गई, लेकिन तलाशी के बाद वहां पर कुछ नहीं पाया गया। उसके बाद हरीशचंद्र को गांववालों ने बुरी तरह मारा और फिर तथाकथित रस्म के नाम पर अंगुलियों को काटने का आदेश दिया।
सारे गांव के सामने हरीशचंद्र ने फंडी की सभी अंगुलियों को काट दिया। फंडी इस दौरान दर्द से कराहते रहे, लेकिन उनके दर्द को किसी ने भी नहीं सुना। फंडी के परिवार ने जब ऐसा न करने की गुहार लगाई तो सालिश सभा ने घर के सभी सदस्यों को मारने की धमकी दी।
फंडी करीब 5 से 6 घंटे दर्द से कराहते रहे, लेकिन ओझा उत्तम ने रिश्तेदारों को उनसे दूर रहने की रहने की धमकी दी और अस्पताल न ले जाने को कहा। सभी ग्रामीण एक के बाद एक गांव घटनास्थल को छोड़कर चले गए। उसके बाद फंडी के रिश्तेदार उनको बर्दमान के अस्पताल लेकर गए। उनके एक रिश्तेदार ने कहा कि
गांववालों के डर की वजह से हम काफी समय तक उनके पास नहीं गए। अस्पताल में उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों का कहना है। उनकी अंगुलियां काट दी गई है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में फंडी के बेटे सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से ज्यादातर आरोपी फरार हो गए, उनकी तलाश की जा रही है।
