Site icon Yashbharat.com

कुएं से आ रही सिसकियों की आवाज सुन देखा तो अंदर मिली रहस्मय ढंग से लापता हुई मासूम

yashbharat breaking

बिल्हौर । उत्तर प्रदेश के बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र के बैड़ीअलीपुर गांव में मंगलवार दोपहर एक कुएं से बच्चे की सिसकियों की आवाज सुनकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। आननफानन में मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से ग्रामीण कुएं में उतरें तो अंदर रहस्मय ढंग से लापता हुई नौ वर्षीय मासूम मिली। कुएं से बाहर निकालकर जब मासूम से पुलिस ने पूछताछ की तो घटना सुनकर सभी लोग सन्न रह गए।

मासूम को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिल्हौर के बैड़ीअलीपुर गांव में रहने वाले किसान की नौ वर्षीय पुत्री बीते रविवार की दोपहर खेत में आलू बीनने गई थी। शाम तक पुत्री के वापस न आने पर घर वालों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर खोजबीन शुरू की थी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता न चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी।

पुलिस गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करके मासूम की खोजबीन में जुट गई थी, किसी अनहोनी की आशंका के चलते घटना पर गुप्त तरह से छानबीन कर रही थी। सोमवार को सीओ ने डॉग स्क्वायड के साथ खोजबीन कराई थी लेकिन मासूम का पता नहीं चला था। एसपी ग्रामीण बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार की सुबह पुलिस टीम गांव में खोजबीन कर रही थी, इस बीच एक दारोगा ने गांव के पास खंडहर पड़े मकान में 20 फीट गहरे कुएं में कंकड़ डालकर देखा।
 
कंकड़ डालने पर कुएं के अंदर से कराहने की आवाज सुनाई दी। इसपर कुएं के अंदर किसी के होने की आशंका पर झांककर देखा गया लेकिन कुछ स्पष्ट नजर नहीं आया। ग्रामीणों की मदद से पुलिस टीम ने रस्सी के सहारे कुंए के अंदर से घायल मासूम को बाहर निकाल। सीएचसी में उसे भर्ती कराने के बाद प्राथमिक उपचार कराया गया और पुलिस ने पूछताछ की। 

पूछताछ में मासूम ने पुलिस को बताया कि रविवार को वह बकरियों को खिलाने के लिए बेर के पत्ते तोड़ने खंडहर वाले घर में गई थी। वह कुएं के पास बेर के पत्ते ताेड़ रही थी। इस बीच वहां पर आए 22 वर्षीय शिवम ने उसे पत्ते तोड़ने से मना किया और थप्पड़ भी मारे। वह नहीं मानी तो उसे धक्का देकर कुएं में गिराकर भाग गया।

कुएं में गिरने से चोटें लगने के बाद वह बेहोश हो गई। एसपी ग्रामीण ने बताया कि आरोपित शिवम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों से पूछताछ और घटना की पड़ताल कराई जा रही है। गुमशुदगी के मुकदमे में धारा बढ़ाकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version