भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। दरअसल, यहां अशोक नगर इलाके में रहने वाली एक महिला ने अपने आठ महीने के बेटे को कुल्हाड़ी से काट दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।
यह है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, भोपाल के अशोक नगर इलाके में रहने वाली रश्मि लोधी ने अपने आठ महीने के बच्चे को जान से मार डाला। उसने कुल्हाड़ी से बच्चे पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रश्मि को गिरफ्तार कर लिया है।
16 जनवरी को हुई घटना
परिजनों ने बताया कि 16 जनवरी को वे रश्मि और उसके बच्चे को घर में छोड़कर गए थे। कुछ घंटों बाद जब वे लौटे तो बच्चा खून से लथपथ था। रश्मि कह रही थी कि वह बकरी था। मैंने उसे वहां भेज दिया, जहां से वह आया था।
परिजनों ने किया मामला छिपाने का प्रयास
पुलिस का दावा है कि शुरुआत में परिजनों ने मामले को छिपाने का प्रयास किया। दरअसल, रश्मि की मां ने बच्चे के शव को कपड़े में लपेट लिया और अस्पताल ले जाने लगी। हालांकि, सीढ़ियों पर बच्चे का शव गिर गया, जिससे लोगों को मामले की जानकारी हो गई। इसके बाद रश्मि के पिता ने 17 जनवरी की सुबह पुलिस को मामले की जानकारी दी।
ऐसे अंजाम दी गई वारदात
पुलिस ने जांच के दौरान हत्या के इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। इसके अलावा बच्चे का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला ने बच्चे को पहले बीच सड़क पर रखा और उसकी गर्दन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस टीम
पुलिस का कहना है कि रश्मि को मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है, लेकिन यह मामला संदिग्ध लग रहा है। फिलहाल उसे मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि रश्मि ने अपने बच्चे की बलि दी है।
