बीमार हुई प्याज, तो मुरैना की सब्जी मंडी पहुंची एम्बुलेंस 108; वीडियो हुआ वायरल
मरीज तड़पते रहे, पर प्याज को मिली वीआईपी सर्विस; पोरसा मंडी में 108 एम्बुलेंस से उतरीं प्याज की बोरियां, CMHO ने दिए जांच के आदेश
बीमार हुई प्याज, तो मुरैना की सब्जी मंडी पहुंची एम्बुलेंस 108; वीडियो हुआ वायरल
मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक तरफ आपातकालीन स्थिति में मरीजों, घायलों और प्रसूताओं को बार-बार कॉल करने के बावजूद समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं हो पाती, वहीं दूसरी तरफ ये एम्बुलेंस सब्जी मंडी के लिए प्याज की सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही हैं।
शनिवार सुबह सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें पोरसा कस्बे की सब्जी मंडी में दो एम्बुलेंस प्याज की बोरियों से लदी हुई खड़ी दिखाई दे रही हैं।
एम्बुलेंस से उतारी जा रही थीं प्याज की बोरियां
मिली जानकारी के अनुसार, किसी दूसरे शहर से प्याज की बोरियों से ठसाठस भरकर दो एम्बुलेंस पोरसा की सब्जी मंडी पहुंची थीं। वहां जब एम्बुलेंस से प्याज खाली किया जा रहा था, तभी मंडी के ही एक स्थानीय दुकान-दार ने इस पूरी घटना का अपने मोबाइल में वीडियो बना लिया और इंटरनेट पर अपलोड कर दिया।
यह वीडियो सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
CMHO ने दिए जांच के आदेश, लोगों में भारी आक्रोश
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर आम जनता का आक्रोश फूट पड़ा है। लोगों का कहना है कि जब गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचने के लिए एम्बुलेंस नहीं मिलती, तब इस तरह जीवनरक्षक वाहनों से सब्जी की ढुलाई करना प्रशासनिक लापरवाही का सबसे घटिया उदाहरण है।
अज्ञात ठिकाना: हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये दोनों एम्बुलेंस किस अस्पताल या जिले की थीं और कहां से प्याज लादकर आई थीं।
कार्रवाई का आश्वासन: मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. पदमेश उपाध्याय ने पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।