तिरंगे के सम्मान में निकली कटनी पुलिस की भव्य वाहन रैली एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने खुद संभाली कमान, शहरभर में पुष्पवर्षा से हुआ जोरदार स्वागत

तिरंगे के सम्मान में निकली कटनी पुलिस की भव्य वाहन रैली

एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने खुद संभाली कमान, शहरभर में पुष्पवर्षा से हुआ जोरदार स्वाग

कटनी, 9 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान के तहत राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को कटनी पुलिस द्वारा भव्य तिरंगा वाहन रैली निकाली गई। रक्षित केंद्र से प्रारंभ हुई इस रैली का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने स्वयं मोटरसाइकिल चलाकर किया। पुलिस अधीक्षक की सक्रिय सहभागिता से पुलिसकर्मियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

रैली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, डीएसपी अजाक्स शिवा पाठक सहित जिले के विभिन्न थानों एवं रक्षित केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी हाथों में तिरंगा लेकर रैली में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

रैली के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘हर घर तिरंगा’ के नारों से शहर का वातावरण राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा। रैली रक्षित केंद्र से प्रारंभ होकर कलेक्टर-एसपी कार्यालय, माधवनगर चौराहा, मिशन चौक, चांडक चौक, घंटाघर, गर्ग तिराहा, खिरहनी ब्रिज, बरही नाका, सुभाष चौक, थाना तिराहा, बरगवां होते हुए मिशन चौक के रास्ते पुनः रक्षित केंद्र पहुंचकर संपन्न हुई।

चौराहों पर हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत

रैली के मार्ग में शहर के प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य नागरिकों ने पुलिस जवानों और विद्यार्थियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर रैली का अभिनंदन किया। जगह-जगह भारत माता के जयघोष और पुष्पवर्षा से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

रैली के दौरान यातायात पुलिस द्वारा पूरे मार्ग पर सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखी गई। रैली के सबसे आगे यातायात मोबाइल वाहन और साउंड सिस्टम के माध्यम से राष्ट्रभक्ति से जुड़े संदेश प्रसारित किए गए।

एसपी ने किया हर घर तिरंगा फहराने का आह्वान

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, कर्तव्य और गौरव का महापर्व है। प्रत्येक नागरिक अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक फहराकर अभियान को सफल बनाए और आने वाली पीढ़ियों में भी राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार करे।

कटनी पुलिस की यह तिरंगा वाहन रैली राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का प्रेरणादायी संदेश देती नजर आई। पुलिस बल, विद्यार्थियों और आमजन की सहभागिता ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाने का संदेश दिया।

Exit mobile version