कटनी। कटनी में कोरोना की दस्तक के मामले में रेपिड रिस्पांस टीम के प्रमुख डॉ. समीर सिंघई ने यशभारत को बताया कि कोरोना पॉजीटिव सीताबाई की कांट्रेक्ट हिस्ट्री के आधार पर करीब 61 लोगों की लिस्ट तैयार की गई है। जिसमे सीताबाई के मायके में रह रहे 8 लोग शामिल है। सीताबाई का मायका गड्ढा टोला का है। यहां उसका बुआ का घर है। बुआ के घर में 6 लोग रहते हैं। इसके अलावा दो अन्य लोग भी सीताबाई के संपर्क में आए थे। इसी तरह लखेरा में डॉ. अशोक विश्वकर्मा और यहां इलाज के लिए ले गए युवक सुमित कटारे, आजाद चौक स्थित डॉ. अभिषेक शर्मा, नई बस्ती स्थित लालवानी हॉस्पिटल, हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित जीवन ज्योति हॉस्पिटल में कार्यरत कर्मचारियों के साथ ही डॉ. एस पी सोनी एवं डॉ. हर्षिता गुप्ता, जिला चिकित्सालय में कार्यरत 11 नर्सों को क्वारंटाईन करने के साथ ही सभी का ब्लड सेम्पल लिया जा रहा है। इसके अलावा सीताबाई का सगा भाई बहोरीबंद में रहता है, उसे भी सेम्पल लेने के लिए बुलाया गया है। सभी के सेम्पल लेकर आईसीएमआई जबलपुर जांच के लिए भेजे जाएंगे। आज शाम या फिर कल तक रिपोर्ट आने की संभावना है।
26 से लेकर 29 तक भर्ती व डिस्चार्ज हुए लोगों की हो जांच
जिला चिकित्सालय में कोरोना पीड़ित निकली महिला को 26 अप्रैल को भर्ती किया गया था और कल 29 अप्रैल को उसकी रिपोर्ट आने के बाद जबलपुर रिफर किया गया। इस दौरान कई लोग जिला चिकित्सालय में भर्ती हुए और डिस्चार्ज भी हुए। इसमें कई गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं, जो डिलेवरी के लिए भर्ती हुईं या फिर डिलेवरी के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। उल्लेखनीय है कि जिला चिकित्सालय में पीने के पानी के लिए अलग-अलग जगह वाटर कूलर या फिर पीने के पानी के नल लगे हैं। महिला के परिजनों ने इन नलों का उपयोग पानी लेने के लिए किया गया होगा। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि गर्भवती महिलाओं की डिलेवरी होने पर उसके परिवार के अधिकांश लोग अस्पताल हालचाल भी जानने पहुंचे होंगे। इसलिए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग को 26 से 29 अप्रैल के बीच जिला चिकित्सालय में भर्ती होने वाले लोगों व उनसे जिला चिकित्सालय मिलने आए लोगों की भी जानकारी लेकर उनकी भी जांच कराना चाहिए।
छपरवाह में भी बढ़ा टेंशन
जानकारी के मुताबिक उपनगरीय क्षेत्र छपरवाह के पयासी परिवार की भी एक महिला डिलेवरी के लिए भर्ती हुई थी। डिलेवरी के बाद उसकी छुट्टी भी 26 अप्रैल के बाद जिला चिकित्सालय से हुई। जिला चिकित्सालय में भर्ती महिला की रिपोर्ट पाजीटिव आने की जानकारी लगने के बाद छपरवाह के लोग टेंशन में हैं, क्योंकि डिलेवरी के बाद पयासी परिवार की कई महिलाएं व पुरूष भी जिला चिकित्सालय गए थे। क्षेत्र के लोगों ने पयासी परिवार के सदस्यों की भी जांच की मांग की है। इसी तरह कैलवारा फाटक रोड दुर्गा मंदिर के बगल वाली गली शिवनगर में एक महिला कोरोना पॉजिटिव महिला के वार्ड में भर्ती रही है, जिसको 29 अप्रेल को डिस्चार्ज किया गया है। इस महिला की जांच कर इसे क्वारंटाइन किए जाने की मांग की गई है।
पहले भी लिया गया था ब्लड सेम्पल, रिपोर्ट आई थी नेगटिव
सूत्रों के मुताबिक सिहोरा तहसील के ग्राम दरौलीखुर्द निवासी 40 वर्षीय सीताबाई पति गेंदसिंह गौंड़ की पिछले 15 दिनों से तबियत खराब थी। जिस पर उसके पुत्र जित्तू गौड़ ने सीएम हेल्पलाइन 181 में इसकी शिकायत करते हुए इलाज की मांग की थी। जिस पर सिहोरा अस्पताल से डॉक्टरों की एक टीम एम्बुलेंस से ग्राम दरौलीखुर्द गई थी और महिला को सिहोरा हॉस्पिटल लेकर आई थी। जहां उसका ब्लड सेम्पल लेकर जांच के लिए आईसीएमआई जबलपुर भेजा गया था। सेम्पल की रिपोर्ट नेगेटिव आई थी, इसके बावजूद सिहोरा हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने न तो आईसोलेट किया और न ही क्वारंटाइन करने के लिए कहा। बताया जाता है कि दो तीन दिन बाद सीताबाई का मामा सनी कटनी से ग्राम दरौलीखुर्द पहुंचा और बाइक में उसे लेकर पानउमरिया, स्लीमनाबाद होते हुए कटनी आ गया। कटनी पहुंचने के बाद दो दिन तक उसकी झड़ाई फुंकाई भी की गई। लेकिन उसके आराम नहीं लगा। इसके दो दिन बाद उसे जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां खून की कमी के चलते उसे यहां जिला चिकित्सालय में भर्ती कर लिया गया। महिला के एक रिश्तेदार अखिलेश ने उसे ब्लड भी दिया।
इनका कहना है
सिहोरा तहसील के ग्राम दरौलीखुर्द निवासी सीताबाई पति गेन्दलाल सिंह सर्दी खांसी से पीड़ित थी। उसका भाई उसे इलाज कराने के लिए जिला चिकित्सालय लेकर आया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया गया था। दूसरे दिन उसका सेम्पल लिया गया। जिसकी रिपोर्ट कल पॉजीटिव पाई गई है। सीताबाई को रात में ही जबलपुर मेडिकल कॉलेज रिफर कर दिया गया है। उसके संपर्क में आने वाले लोगों का पता लगाया जा रहा है। सीताबाई के परिवार के 8 लोगों और इलाज करने वाले चिकित्सक सहित अन्य स्टाफ को होम क्वारंटाइन किया गया है। इसके पहले सिहोरा में भी एक बार उसका सेम्पल लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। इस बात की जानकारी सीताबाई और उसके भाई ने इलाज के दौरान नहीं दी।
-डॉ. एस के निगम, सीएमएचओ
सिहोरा निवासी सीताबाई सिंह के कोरोना पॉजीटिव होने के बाद उसकी कांट्रेक्ट हिस्ट्री का पता लगाया गया। जिसमे प्राथमिक तौर पर करीब 61 लोगों का पता लगा है, जो महिला के संपर्क में आए थे, सभी को तत्काल क्वारंटाइन कर दिया गया है। इन सभी लोगों के ब्लड सेम्पल भी लिए जा रहे हैं। सेम्पल को आईसीएमआर जबलपुर जांच के लिए भेजा जाएगा। जिला चिकित्सालय में पदस्थ डॉ. अभिषेक शर्मा एवं डॉ. एस पी सोनी के साथ ही 11 नर्सों को भी होम क्वारंटाइन किया गया है। इसके अलावा महिला का एक भाई बहोरीबंद में रहता है। उसको भी सेम्पल लेने के लिए जिला चिकित्सालय में बुलाया गया है।
– डॉ. समीर सिंघई, प्रमुख, रेपिड रिस्पांस टीम
शाम 5 बजे रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया था। महिला का उपचार करने वाले डॉक्टरों और नर्सों को तत्काल क्वारंटाइन कर दिया गया था। महिला जिस वार्ड में भर्ती थी, उसके आसपास भर्ती होने वाले मरीजों का भी पता लगाया जा रहा है। कांट्रेक्ट हिस्ट्री के आधार पर लोगों को क्वारंटाईन करने के साथ ही सेम्पल लिए जाएंगे।
-डॉ. एस के शर्मा, सिविल सर्जन
