एसडीएम से बोले सैलाना विधायक: आप महिला हैं, पुरुष होता तो कॉलर पकड़ कर देते ज्ञापन
सैलाना। केंद्र सरकार द्वारा पारित कृषि बिलों के विरोध में रविवार को ब्लॉक कांग्रेस द्वारा विधायक हर्ष विजय गेहलोत की अगुवाई में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। ग्राम हरसौला से प्रभावी ट्रैक्टर रैली निकाली गई, जो नगर भ्रमण करती हुई बालक हायर सेकंडरी स्कूल प्रांगण पहुंची। विधायक के नेतृत्व में एसडीएम का कामनी ठाकुर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रस्तुत कर किसान विरोधी कृषि बिलों को समाप्त करने की मांग की गई।
रैली निकालने के बाद ज्ञापन देने पहुंचे विधायक हर्षविजय गेहलोत किसी अधिकारी के ज्ञापन लेने नहीं आने पर नाराज हो गए। बाद में मौके पर आई सैलाना एसडीएम कामनी ठाकुर से उनकी तीखी बहस हो गई। विधायक ने एसडीएम को धमकाते हुए कहा कि आप महिला हैं, अगर कोई पुरुष होता तो कॉलर पकड़ कर ज्ञापन देते। इसके बाद एसडीएम को ज्ञापन प्रति थमाकर विधायक गेहलोत चले गए।
रविवार सुबह से ही क्षेत्र के कांग्रेसजनों का उत्साह चरम पर रहा। क्षेत्र के किसान अपनेअपने ट्रैक्टर लेकर कार्यकर्ताओं सहित ग्राम हरसौला पहुंचना शुरू हो गए थे। दोपहर 1:30 बजे ट्रैक्टर रैली शुरू हुई। सबसे आगे विधायक हर्ष विजय गेहलोत स्वयं ट्रैक्टर चलाते हुए रैली में शामिल हुए। पूर्व मंडी अध्यक्ष शेखर गेहलोत विधायक के साथ ट्रैक्टर पर सवार रहे।
नारों के साथ स्कूल प्रांगण पहुंची रैली
विधायक ने सरकारों को कोसा
स्कूल प्रांगण पहुंच कर ज्ञापन देने के पहले विधायक गेहलोत ने केंद्र व राज्य सरकारों की जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगपतियों के इशारों पर चल रही है। पूरे देश में किसान विरोधी कानून को लेकर चिंता व्याप्त है, पर इसके बाद भी सरकार का अड़ियल रवैया नहीं बदला है। कांग्रेस का पूरापूरा समर्थन किसानों के साथ है। जब तक यह बिल वापस नहीं लिए जाते हैं, तब तक कांग्रेस चैन से नहीं बैठेगी। सरकार उद्योगपतियों का हाथ का खिलौना नहीं बने।
आधे घंटे तक किया चक्काजाम
स्कूल प्रांगण में एसडीएम द्वारा ज्ञापन लेने आने में आनाकानी करने पर नाराज कांग्रेसियों ने रोड पर चक्काजाम कर दिया। आखिर आधे घंटे तक चक्काजाम के पश्चात स्वयं एसडीएम ने आकर ज्ञापन लिया।