भोपाल। मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार लगातार घट रही है। प्रदेश के करीब 10 जिलों में कोरोना संक्रमित नए मरीजों की संख्या कभी शून्य को तो कभी एक से दो के बीच निकल रही है। प्रदेश के दो जिले आगर-मालवा और बुरहानपुर ऐसे हैं, जो कोरोना संक्रमण मुक्त होने की ओर बढ़ रहे हैं।
यहां पर बीते पांच दिनों में एक ही कोरोना पॉजिटिव मरीज निकला है, वह भी बुरहानपुर में। आगर-मालवा में बीते पांच दिन एक भी नया मरीज सामने नहीं आया है। यही नहीं, आगर-मालवा और बुरहानपुर जिले में अब कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या भी क्रमश: 3 और 4 ही रह गई है।
जैसे ही सभी मरीज स्वस्थ हो जाएंगे, ये जिले कोरोना-मुक्त हो जाएंगे। निवाड़ी जिला भी अब इन दोनों जिलों की तर्ज पर सामने आ रहा है। हालांकि यहां पर एक-दो दिन छोड़कर कोरोना के नए मामले सामने रहे हैं।
मुरैना जिले में भी बीते पांच दिनों में केवल 21 जनवरी को तीन मरीज निकले हैं, जबकि अन्य दिनों में शून्य मरीज ही सामने आए हैं। ये आंकड़े दर्शाते हैं कि आगामी दिनों में इन जिलों में संक्रमित मरीजों की संख्या शून्य हो जाएगी।
आगर-मालवा – 9 दिन आए शून्य मरीज, 16 जनवरी को निकला केवल एक पॉजिटिव
बुरहानपुर – 7 दिन शून्य आए मरीज, 15,18 और 21 जनवरी को निकले 5 पॉजिटिव
निवाड़ी – 5 दिन शून्य आए मरीज, 5 दिन में निकले 7 पॉजिटिव
मुरैना – 8 दिन शून्य आए मरीज, 21 और 18 जनवरी को मिले 4 पॉजिटिव
आलीराजपुर – 5 दिन शून्य आए मरीज, 5 दिन में निकले 11 पॉजिटिव
टीकमगढ़ – 5 दिन शून्य आए मरीज, 5 दिन में निकले 9 पॉजिटिव
मंडला – 4 दिन शून्य आए मरीज, 5 दिन में निकले 8 पॉजिटिव

