VIDEO रामलीला-भगवान राम ने भंग किया शिव का धनुष सीता ने पहनाई वरमाला
कटनी। रावण धनुष भंग करने के लिए जनक के दरबार पहुंचता है, किन्तु रात्रि में ही धनुष को उठाने की नाकाम कोशिश कर जान लेता है कि कि स्वयंबर में उसका रहना ठीक नहीं। रावण का बाणासुर से तीक्ष्ण संवाद होता है। उधर सभी योद्धा शिव के धनुष को हिला पाने में भी असमर्थ होते हैं जिसके बाद राजा जनक के मन में शंका उठती है कि धनुष भंग नहीं होने पर सीता का विवाह नहीं हो पायेगा। राजा जनक के वचन से क्रोधित लक्ष्मण कुमार ललकारते हैं।
श्री राम उन्हें शांत कराते हैं इस बीच मुनि विश्वामित्र शुभ समय जान कर भगवान राम को धनुष भंग करने का आदेश देते हैं गुरू की आज्ञा मिलते ही श्री राम शिव के धनुष को खिलौने की भांति उठाकर भंग कर देते हैं। जनकपुरी का यह उत्साहिक क्षण सुंदर शीश महल में कल गोलबाजार में महाकोशल की प्रसिद्ध श्री श्री हनुमान विजय रामलीला के कलाकारों ने मंचन कर सभी को धनुष यज्ञ की सुंदर लीला का रसास्वादन कराया। धनुष टूटते ही जोरदार आतिशबाजी के बीच गगनचुंबी जय श्री राम के नारों से पूरा पंडाल गुंजायमान हो गया। देर रात तक चले प्रसंग में बड़ी संख्या में श्रद्धाललुओं ने लीला का आनंद लिया।
उपरांत प्रसिद्ध कलाकार पीतांबर शुक्ला ने परशुराम के रूप में अपने ओजपूर्ण अभिनय के साथ सभी को हतप्रभ कर दिया। देर रात तक लक्ष्मण परसुराम संवाद चलता रहा। पं. सुनील तिवारी पं. प्रदीप तिवारी के निर्देशन में ओजपूर्ण चौपाई गायन के मध्य लीला अपने पूरे वैभव पर पहुंच चुकी है। समिति के सचिव भरत अग्रवाल, उपाध्यक्ष रवि खरे, प्रकाश सिंघानियां टिल्लू, शरद अग्रवाल, ललित गुप्ता, पवन यादव, पारस त्रिसोलिया, अंतिम गुप्ता, वेंकटेश मिश्रा, आशुतोष शुक्ला, गिरधारी शर्मा, सुरेश स्वर्णकार, रणवीर कर्ण, भोला रजक सचिन मिश्रा आदि उपस्थित थे।
रामलीला मैदान में नहीं है पुलिस व्यवस्था
शहर की प्रमुख रामलीला गोलबाजार में कल धनुष यज्ञ की लीला के दौरान बड़ी संख्या मे ंश्रद्धालु देर रात तक उपस्थित रहे। कमेटी की ओर से यहां पुलिस व्यवस्था की मांग पहले ही की गई लेकिन यहां एक भी पुलिस कर्मी की डियूटी नहीं लगाई गई। जबकि चुनाव के चलते रामलीला में पुलिस व्यवस्था और भी अधिक सुदृढ़ होनी चाहिए । इसके अलावा यहां के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का भी आभाव नजर आया। गोलबाजार में देर शाम से सटोरियों की डेरा लगने की बात भी स्थानीय लोगों ने बताई। कमेटी ने यहां उचित पुलिस व्यवस्था की मांग की है।