अमेरिका-ईरान युद्ध की आंच भारत की जेब तक: 60% उछलकर 16 अरब डॉलर पहुंचा देश का ऑयल-गैस इम्पोर्ट बिल, लेकिन LPG खपत में आई बड़ी गिरावट
नई दिल्ली: मध्य पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगी आग का सीधा असर भारत के ऊर्जा बजट पर दिखने लगा है। पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल (PPAC) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर महीने में भारत का नेट ऑयल एंड गैस इम्पोर्ट बिल सालाना आधार पर 60 फीसदी उछलकर 16 अरब डॉलर पर पहुंच गया है, जो पिछले साल अक्टूबर 2025 में 10 अरब डॉलर था। दिलचस्प बात यह है कि भारत ने तेल की खरीद मात्रा बहुत ज्यादा नहीं बढ़ाई, बल्कि वैश्विक कीमतों में आए उछाल ने आयात बिल को इतना भारी कर दिया है।
LPG: हर घर तक पहुंचेगा LPG सिलेंडर, सरकारी कंपनियों का नया प्लान
कीमतें दोगुनी होने से बिगड़ा गणित
आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में भारत ने केवल कच्चे तेल के आयात पर 19.5 अरब डॉलर खर्च किए (पिछले साल यह 10.4 अरब डॉलर था), जबकि मात्रा के लिहाज से आयात केवल 11% बढ़कर 23.3 मिलियन टन रहा। इस महीने LNG आयात पर 1.3 अरब डॉलर खर्च हुए, वहीं पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात से देश को 6.3 अरब डॉलर की कमाई हुई।
अक्टूबर 2025 के 64.75 डॉलर के मुकाबले इस अक्टूबर में औसत भाव 124.77 डॉलर प्रति बैरल रहा। भारत द्वारा खरीदे जाने वाले तेल का औसत भाव 65.08 डॉलर से उछलकर 119.91 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। अप्रैल से अक्टूबर के बीच देश का कुल नेट ऑयल एंड गैस इम्पोर्ट बिल 70.3 अरब डॉलर से बढ़कर 97.7 अरब डॉलर हो गया है।
रसोई गैस (LPG) की खपत में बड़ी गिरावट, ऑटो LPG ने चौंकाया
एक तरफ जहां कच्चे तेल का बिल बढ़ा, वहीं देश में LPG की मांग में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। अक्टूबर में कुल LPG खपत 12.3% और अप्रैल-अक्टूबर के बीच 15.1% घट गई। एक्टिव घरेलू LPG ग्राहकों की संख्या भी वित्त वर्ष की शुरुआत के 33.4 करोड़ से घटकर 1 नवंबर तक 32.6 करोड़ रह गई है।
सरकारी तेल कंपनियों की घरेलू LPG बिक्री 11.8% और बल्क LPG बिक्री 49.1% लुढ़क गई। वहीं, निजी क्षेत्र का LPG आयात 83.8% गिर गया।इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ के समुद्री मार्ग में बाधा आने से शुरुआत में LPG आयात आधे से भी कम रह गया था।इसके विपरीत, ऑटो LPG की बिक्री में 23.9% की जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
डीजल-पेट्रोल की मांग बढ़ी, विदेशी निर्भरता 88.7% पर
अक्टूबर में डीजल की खपत 12% बढ़कर 8.5 मिलियन टन, पेट्रोल की 3.5% और बिटुमिन की खपत 16.5% बढ़ी, जिससे कुल पेट्रोलियम उत्पादों की मांग 2.7% बढ़कर 20.5 मिलियन टन रही। दूसरी ओर, नैचुरल गैस की खपत 7.27% घटकर 5,707 मिलियन स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर रह गई।
देश की रिफाइनरियों ने अक्टूबर में 24.1 मिलियन टन कच्चा तेल प्रोसेस किया, जिसमें से 22 मिलियन टन आयातित था। यानी भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरत का 88.7% हिस्सा विदेश से मंगा रहा है (नैचुरल गैस में यह निर्भरता 52.8% है)। हालांकि, इस महंगे तेल संकट के बीच राहत की बात यह है कि देश में पेट्रोल में 20% इथेनॉल ब्लेंडिंग का लक्ष्य मजबूती से कायम है।











