पुराने बैंक खाते में जमा पैसा भूल गए हैं? घर बैठे मिनटों में लगाएं सुराग, जानिए कैसे काम करता है RBI का ‘UDGAM’ पोर्टल
नई दिल्ली: अक्सर नौकरी बदलने, शहर शिफ्ट होने या व्यस्तता के चलते लोग अपने पुराने बैंक खातों या फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) के बारे में भूल जाते हैं। सालों तक कोई लेनदेन न होने के कारण करोड़ों रुपये की यह राशि बैंकों में ही पड़ी रह जाती है। अब ऐसे भूले हुए पैसों का पता लगाने के लिए आपको अलग-अलग बैंकों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ‘उद्गम’ (UDGAM) पोर्टल की मदद से आप घर बैठे अपने या अपने परिवार के किसी सदस्य के अनक्लेम्ड (बिना दावे वाले) पैसों की जानकारी आसानी से निकाल सकते हैं।
क्या है आरबीआई का UDGAM पोर्टल?
आम जनता को अलग-अलग बैंकों में पड़ी अपनी बिना दावे वाली जमा राशि का पता लगाने में मदद करने के लिए RBI ने 17 अगस्त 2023 को इस पोर्टल की शुरुआत की थी। UDGAM का पूरा नाम ‘अनक्लेम्ड डिपॉजिट्स-गेटवे टू एक्सेस इंफॉर्मेशन’ (Unclaimed Deposits-Gateway to Access Information) है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को एक ही प्लेटफॉर्म पर यह जानकारी उपलब्ध कराना है कि किस बैंक में उनके नाम से पुरानी रकम जमा है। पुराने बैंक खाते में जमा पैसा भूल गए हैं? घर बैठे मिनटों में लगाएं सुराग, जानिए कैसे काम करता है RBI का ‘UDGAM’ पोर्टल
कब अनक्लेम्ड मानी जाती है खाते की रकम?
बैंकिंग नियमों के अनुसार, यदि किसी सेविंग या करंट अकाउंट में लगातार 10 साल तक कोई लेनदेन नहीं होता है, तो उस खाते में जमा राशि को ‘अनक्लेम्ड डिपॉजिट’ मान लिया जाता है। इसके बाद बैंक उस रकम को RBI के ‘डिपॉजिटर एजुकेशन एंड अवेयरनेस’ (DEA) फंड में ट्रांसफर कर देते हैं।
हालांकि, इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आपका पैसा डूब गया है। यह राशि पूरी तरह सुरक्षित रहती है और खाताधारक या उसके कानूनी वारिस बिना किसी समय-सीमा की बाध्यता के कभी भी इस पर अपना दावा (Claim) कर सकते हैं।
घर बैठे ऐसे चेक करें अपना भूला हुआ पैसा (स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया):
सबसे पहले आरबीआई के आधिकारिक उद्गम पोर्टल udgam.rbi.org.in पर जाएं।
वेबसाइट पर अपना नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करके रजिस्ट्रेशन करें।
रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद मोबाइल नंबर और पासवर्ड की मदद से लॉगिन करें।
लॉगिन करने के बाद सर्च बॉक्स में खाताधारक का नाम दर्ज करें और उस बैंक का नाम चुनें, जिसमें खाता होने की संभावना है।
पहचान सत्यापित करने के लिए पैन (PAN) नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी, पासपोर्ट नंबर या जन्मतिथि में से किसी एक विकल्प की जानकारी भरें।
विवरण भरकर ‘सर्च’ पर क्लिक करें। यदि संबंधित बैंक में उस नाम से कोई अनक्लेम्ड राशि दर्ज होगी, तो उसकी पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी।
पैसा निकालने के लिए बैंक से करना होगा संपर्क
ध्यान रखने वाली बात यह है कि UDGAM पोर्टल केवल आपको यह जानकारी देता है कि आपका पैसा किस बैंक में पड़ा है। इस वेबसाइट के जरिए सीधे पैसे ट्रांसफर या विड्रॉल नहीं किए जा सकते। पोर्टल पर खाते की पुष्टि होने के बाद, जरूरी दस्तावेजों के साथ संबंधित बैंक की शाखा में जाकर क्लेम की प्रक्रिया पूरी करनी होगी, जिसके बाद आपकी राशि वापस मिल जाएगी।










