मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले: 40,500 घरों तक पहुंचेगी बिजली, 4 सहकारी बैंकों को मिलेंगे 200 करोड़; 1 साल के लिए टले सहकारी समितियों के चुनाव

mohan cabinet

मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले: 40,500 घरों तक पहुंचेगी बिजली, 4 सहकारी बैंकों को मिलेंगे 200 करोड़; 1 साल के लिए टले सहकारी समितियों के चुनाव

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में प्रदेश के विकास, बुनियादी ढांचे और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। सरकार ने प्रदेश की वंचित बसाहटों के विद्युतीकरण के लिए 193 करोड़ रुपये की योजना को हरी झंडी दी है, वहीं खनिज राजस्व को ढाई गुना तक बढ़ाने का बड़ा लक्ष्य तय किया है।

1,834 बसाहटों के 40,500 घरों का होगा विद्युतीकरण

कैबिनेट के निर्णय के अनुसार, प्रदेश की 1,834 बसाहटों में स्थित 40,500 घरों तक बिजली पहुंचाई जाएगी। इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए 193 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। विशेष बात यह है कि जिन बसाहटों में 20 से कम घर हैं, वहां भी राज्य सरकार अपने स्वयं के बजट से बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।

MP में ‘डेस्टिनेशन कैबिनेट’ से विकास को नई रफ्तार: मंदसौर के गांधी सागर में हुई मोहन सरकार की बैठक, पंप्ड हाइड्रो और एग्रो-केमिकल पार्क पर लगी मुहर

खनिज राजस्व 30,000 करोड़ रुपये करने का लक्ष्य

प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए सरकार ने खनिज क्षेत्र से होने वाली वार्षिक आय को मौजूदा 12,170 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 30,000 करोड़ रुपये करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए खनिज विकास निगम भारत सरकार के सहयोग से पूरे प्रदेश में व्यापक सर्वे कराएगा और उपलब्ध डेटा का विश्लेषण कर नए खनिज ब्लॉक्स की पहचान करेगा।

इसे भी पढ़ें-  MP Cabinet Decision: मोहन कैबिनेट का बड़ा फैसला, अब दो से अधिक बच्चों वाले भी होंगे सरकारी नौकरी के पात्र; 25 साल पुराना नियम बदलेगी सरकार

सहकारिता क्षेत्र से जुड़े दो बड़े फैसले

 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (PACS) के चुनाव एक साल के लिए आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। समितियों के परिसीमन और नई समितियों के गठन में लगने वाले समय को देखते हुए यह फैसला किया गया है। गौरतलब है कि ये चुनाव 2018 से लंबित हैं।

 सरकार ने रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये (कुल 200 करोड़ रुपये) का अंशदान देने की मंजूरी दी है। इस राशि से इन बैंकों की वित्तीय स्थिति और व्यवस्थागत सुधार के कार्य किए जाएंगे।

2 दिसंबर को होगा अधिकारियों का ‘नीति चिंतन’

आगामी 21-22 दिसंबर को प्रस्तावित मंत्रियों के चिंतन शिविर से पहले 2 दिसंबर को प्रदेश के सभी वरिष्ठ अधिकारियों का ‘नीति चिंतन’ आयोजित किया जाएगा। इसमें अधिकारी आठ अलग-अलग समूहों में बंटकर राज्य के विकास और नीतियों पर मंथन करेंगे। अधिकारियों की इन अनुशंसाओं पर ही मंत्रियों के चिंतन शिविर में अंतिम विचार-विमर्श किया जाएगा।