विश्व हिंदू परिषद का हित चिंतक अभियान शुरू, 6 दिसंबर तक चलेगा 15 दिवसीय महाअभियान,घर-घर संपर्क कर हिंदू समाज के हर वर्ग को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य, 20 रुपये की सहयोग राशि देकर बन सकेंगे हित चिंतक
कटनी। विश्व हिंदू परिषद द्वारा राष्ट्रव्यापी हित चिंतक अभियान की शुरुआत 22 नवंबर से हो चुकी है। यह 15 दिवसीय महाअभियान आगामी 6 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। ‘अबकी बार एक पार’ के संकल्प के साथ शुरू किए गए इस अभियान के माध्यम से देशभर में एक करोड़ से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान के अंतर्गत विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं दुर्गा वाहिनी के कार्यकर्ता नगरों, गांवों और मोहल्लों में घर-घर संपर्क करेंगे। इसके साथ ही मठों, धार्मिक स्थलों और व्यावसायिक संस्थानों तक पहुंचकर हिंदू समाज के विभिन्न वर्गों को संगठन की विचारधारा एवं उद्देश्यों से अवगत कराया जाएगा।
अभियान के तहत 15 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी भारतीय नागरिक 20 रुपये की सहयोग राशि देकर विश्व हिंदू परिषद का हित चिंतक बन सकता है। इस वर्ष अभियान में डिजिटल व्यवस्था को भी विशेष महत्व दिया गया है। इसके लिए मोबाइल ऐप, ऑफलाइन डिजिटल पैनल और एसएमएस के माध्यम से पंजीयन की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
विश्व हिंदू परिषद का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना, युवाओं को राष्ट्र एवं धर्म के प्रति जागरूक करना और संगठन द्वारा संचालित सेवा गतिविधियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना है। इनमें एकल विद्यालय, शिक्षा, संस्कार एवं विभिन्न सेवा प्रकल्पों के माध्यम से किए जा रहे कार्यों से लोगों को परिचित कराया जाएगा।
जिला स्तर पर अभियान के महत्व की जानकारी देते हुए विश्व हिंदू परिषद के सह प्रांत प्रबंधक राहुल दुबे ने बताया कि पूज्य अशोक सिंघल जी की जन्म शताब्दी वर्ष में आयोजित हो रहे इस अभियान का विशेष महत्व है। उन्होंने जिले के समस्त सनातनी बंधुओं, मातृशक्ति एवं युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ें और धर्म, संस्कृति एवं राष्ट्र की रक्षा के इस अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें पत्रकार वार्ता मे विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल के सह प्रान्त संयोजक राहुल दुबे जिलाध्यक्ष लखन साहू उषा पाण्डेय मोनी जैसवानी मनीष दुबे करण मिश्रा अरुण राय मौजूद रहे l।













