जंगल के बीच प्राकृतिक जलकुंड के पास मिला विशालकाय प्राचीन शिवलिंग, दर्शन के लिए उमड़ रहे श्रद्धालु,बुजुर्गों की मान्यता को संतों ने खोजकर किया साकार, दो-तीन माह से हर शनिवार हो रहा रुद्राभिषेक
कटनी/ढीमरखेड़ा। ढीमरखेड़ा जनपद मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर खमतरा मार्ग पर भमका पंचायत के अंतर्गत स्थित ग्वाल बाबा सिद्ध स्थान इन दिनों श्रद्धालुओं की आस्था और आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां घने जंगल के बीच प्राकृतिक जलकुंड के समीप एक विशालकाय शिवलिंग मिलने की जानकारी सामने आने के बाद पिछले दो-तीन माह से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। जंगल के बीच स्थित इस शिवलिंग को देखकर भक्त आश्चर्यचकित हैं और इसे प्राचीन धार्मिक धरोहर मानकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
ग्वाल बाबा स्थान यादव समाज सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए विशेष आस्था का केंद्र है। इस स्थान को लेकर क्षेत्र में कई तरह की मान्यताएं और जनश्रुतियां प्रचलित हैं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, उनके बुजुर्गों ने बताया था कि ग्वाल बाबा के जंगल में कहीं एक प्राचीन शिवलिंग छिपा हुआ है। ग्रामीणों का मानना है कि प्राकृतिक जलकुंड के पास मिला विशालकाय शिवलिंग वही हो सकता है, जिसका उल्लेख बुजुर्गों द्वारा किया जाता रहा है।
बताया जाता है कि ग्वाल बाबा मंदिर से लगभग 200 से 250 मीटर की दूरी पर जंगल के भीतर प्राकृतिक जलकुंड के समीप यह शिवलिंग स्थित है। करीब चार माह पूर्व ग्वाल बाबा स्थान पर चार माह तक सीताराम अखंड संकीर्तन का आयोजन किया गया था। इस दौरान कई साधु-संत भी यहां पहुंचे थे। ग्रामीणों के अनुसार, संतों द्वारा जंगल में प्राचीन शिवलिंग की खोज की गई, जिसके बाद यह शिवलिंग सामने आया। इसके बाद से यहां प्रत्येक शनिवार को भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया जा रहा है।
शिवलिंग मिलने की खबर आसपास के गांवों में फैलने के बाद श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। लोग जंगल के बीच पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों में इस स्थान को लेकर विशेष उत्साह और धार्मिक आस्था देखने को मिल रही है।
वन विकास निगम को भी नहीं थी जानकारी
गौरतलब है कि ग्वाल बाबा सिद्ध स्थान वन विकास निगम की कुंडम परियोजना के अंतर्गत आता है। इस संबंध में जब वन विकास निगम के कर्मचारियों से जानकारी ली गई तो उन्हें भी जंगल में शिवलिंग मिलने की कोई जानकारी नहीं थी। वहीं, परियोजना के संभागीय प्रबंधक मोहित सूद ने भी इस संबंध में अनभिज्ञता जाहिर करते हुए बताया कि पूर्व में स्टाफ द्वारा शिवलिंग के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई थी। उन्होंने कर्मचारियों से जानकारी लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया है।
जंगल के बीच प्राकृतिक जलकुंड के समीप मिले इस विशालकाय शिवलिंग को लेकर अब क्षेत्र में चर्चाओं का दौर है। श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि यह स्थान आने वाले समय में धार्मिक पर्यटन के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में पहचान बना सकता है।












