Ayodhya To Janakpur Train Start: अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच शुरू हुई ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’, पीएम मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री ने दिखाई हरी झंडी
अयोध्या / नई दिल्ली: भारत और नेपाल के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों में सोमवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या धाम और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम (नेपाल) को जोड़ने वाली नई साप्ताहिक ट्रेन ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित भव्य समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे।
सप्ताह में एक दिन चलेगी ट्रेन, 19 घंटे में पूरा होगा 604 किमी का सफर
रेल मंत्रालय के अनुसार, यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित होगी और 604 किलोमीटर की कुल दूरी लगभग 19 घंटे में तय करेगी। इस सीधी रेल सेवा से दोनों देशों के श्रद्धालुओं को बिना ट्रेन बदले राम-जानकी की जन्मस्थली तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
उत्तर प्रदेश और बिहार के कई प्रमुख शहरों से होकर गुजरने वाली यह ट्रेन अपने शुरुआती और अंतिम स्टेशनों के अलावा मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो हॉल्ट, मधुबनी और जयनगर रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी।नियमित संचालन और समय-सारणी (टाइम-टेबल)आम यात्रियों के लिए इस ट्रेन का नियमित संचालन 28 नवंबर से शुरू होगा
जनकपुर धाम से अयोध्या धाम (ट्रेन नं. 15595)
28 नवंबर से प्रत्येक शनिवार को दोपहर 01:10 बजे (नेपाली समयानुसार) जनकपुर धाम से रवाना होगी और अगले दिन (रविवार) सुबह 08:10 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी।
अयोध्या धाम से जनकपुर धाम (ट्रेन नं. 15596)
30 नवंबर से प्रत्येक सोमवार को शाम 05:50 बजे अयोध्या धाम से प्रस्थान करेगी और मंगलवार दोपहर 12:40 बजे (नेपाली समयानुसार) जनकपुर धाम पहुंचेगी।
17 कोच की आधुनिक सुविधा रामायण सर्किट को मजबूती देने वाली इस ट्रेन में कुल 17 आधुनिक एलएचबी (LHB) कोच लगाए गए हैं। इसमें 8 एसी कोच, 7 स्लीपर कोच, 1 पावर कार और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए 1 एसएलआरडी (SLRD) कोच शामिल है। इस पहल से दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही ‘रोटी-बेटी’ के रिश्तों को नई ऊर्जा मिलेगी।













