आगामी पर्वों की तैयारियों में जुटा निगम, विद्युत व्यवस्थाओं की महापौर ने की समीक्षा,सावन, रक्षाबंधन सहित प्रमुख पर्वों को लेकर समय रहते सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

IMG 20260730 WA0027 scaled

आगामी पर्वों की तैयारियों में जुटा निगम, विद्युत व्यवस्थाओं की महापौर ने की समीक्षा,सावन, रक्षाबंधन सहित प्रमुख पर्वों को लेकर समय रहते सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

कटनी। वर्तमान वर्षा ऋतु एवं आगामी सावन, रक्षाबंधन सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम की विद्युत शाखा के कार्यों की समीक्षा बैठक बुधवार को महापौर प्रीति संजीव सूरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शहर की विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

 

महापौर श्रीमती सूरी ने अधिकारियों से कहा कि आगामी पर्वों के दौरान शहर के प्रमुख मंदिरों, धार्मिक स्थलों, मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक विद्युत सामग्री एवं संसाधनों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

 

समीक्षा के दौरान बंद पड़े विद्युत प्वाइंटों को शीघ्र चालू कराने, आवश्यक स्थानों पर विद्युत पोलों में तार खिंचवाने, मंदिरों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने तथा विद्युत व्यवस्था से संबंधित लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। साथ ही यह भी कहा गया कि पर्वों के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

इसे भी पढ़ें-  खातेगांव TI हत्याकांड: 5 नवंबर को कोर्ट में वर्चुअल पेशी; राहुल जायसवाल की 3 बसें जब्त, गुजरात तक फैला अवैध शराब नेटवर्क

 

बैठक में सहायक यंत्री आदेश जैन, उपयंत्री मोना करेरा एवं शैलेन्द्र प्यासी सहित विद्युत शाखा के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने महापौर को विद्युत शाखा द्वारा संचालित कार्यों की प्रगति से अवगत कराया, जिस पर महापौर ने नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।