कटनी पुलिस का सरप्राइज सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी,हॉटस्पॉट एवं शैडो एरिया में पेट्रोलिंग, गुंडे-बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों की चेकिंग; शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई

IMG 20260812 WA0087 scaled

कटनी पुलिस का सरप्राइज सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी,हॉटस्पॉट एवं शैडो एरिया में पेट्रोलिंग, गुंडे-बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों की चेकिंग; शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवा

कटनी। जिले में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य के मार्गदर्शन में कटनी पुलिस द्वारा देर शाम से जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सरप्राइज सघन चेकिंग एवं पेट्रोलिंग अभियान चलाया जा रहा है।

चारों अनुविभागीय अधिकारियों के नेतृत्व में संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस बल द्वारा हॉटस्पॉट एवं शैडो एरिया में बाइक पेट्रोलिंग तथा पैदल भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों की विशेष निगरानी की गई। इस दौरान गुंडे-बदमाश, निगरानीशुदा बदमाश, नकबजन, लुटेरे, चाकूबाज, जिलाबदर एवं रासुका के बदमाशों सहित विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को चेक कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई तथा भविष्य में अपराध न करने की सख्त हिदायत दी गई।

*होटल, लॉज, ढाबों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष चेकिंग*

अभियान के दौरान होटल/लॉज, रैन बसेरों, ढाबों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों की विशेष चेकिंग की गई। सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से शराब का सेवन करने वालों के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

*यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई*

पुलिस टीमों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी विशेष निगरानी रखी गई। शराब पीकर वाहन चलाने वाले लापरवाह वाहन चालकों के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही ब्लैक फिल्म, हूटर एवं मोडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वाले वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।

*पैदल भ्रमण एवं जनसंवाद के माध्यम से जागरूकता*

सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। साथ ही आमजन से जनसंवाद करते हुए उन्हें साइबर अपराध से बचाव, महिला अपराध, नशे के दुष्परिणाम एवं सड़क सुरक्षा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया तथा कानून एवं यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।

कटनी पुलिस द्वारा गुंडे/बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी।