पितृपक्ष में पूर्वजों को किया नमन, वृद्धजनों की सेवा के साथ लगाए पौधे

IMG 20261008 WA0051

पितृपक्ष में पूर्वजों को किया नमन, वृद्धजनों की सेवा के साथ लगाए पौध

 

कटनी। पितृपक्ष के अवसर पर सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा पूर्वजों की स्मृति एवं उनकी आत्मा की शांति के लिए दद्दा धाम स्थित श्री कृष्ण वृद्धाश्रम में सेवा कार्य किया गया। संस्था के सदस्यों ने वृद्धजनों को भोजन प्रसादी, फल एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री वितरित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर वृद्धाश्रम परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। संस्था सदस्यों ने कहा कि वृक्ष जिस प्रकार स्वयं धूप सहकर दूसरों को छांव प्रदान करता है, उसी प्रकार बुजुर्ग अपने अनुभव, संस्कार और आशीर्वाद से परिवार एवं समाज को संबल देते हैं। बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी सेवा एवं सम्मान करना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।

संस्था ने कहा कि पितृपक्ष केवल पूर्वजों को स्मरण करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके संस्कारों को जीवन में उतारने और जरूरतमंदों की सेवा करने की प्रेरणा भी देता है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण कर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।

सेवा कार्य के दौरान वृद्धजनों ने संस्था सदस्यों को स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम में अध्यक्ष नीलम जगवानी, मोना पुरसवानी, कंचन केवलानी, अनीता आशा जोधवानी, सुमन छत्तानी, कशिश रोहरा, वंदना गलानी, सपना फोटवानी, मंजू निश, रिद्धिमा मंगलानी, मीनू मोटवानी, राखी तीर्थानी, विनी गलानी, साक्षी खियानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।