कटनी पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान, होटल-गेस्ट हाउस व ढाबों की हुई सघन जांच

कटनी पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान, होटल-गेस्ट हाउस व ढाबों की हुई सघन जां

कटनी। जिले में अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने बुधवार को होटल, गेस्ट हाउस एवं ढाबों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने आगंतुक रजिस्टरों और पहचान पत्रों की जांच की, शैडो एरिया का निरीक्षण किया तथा संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और फ्रिस्किंग कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित होटल, गेस्ट हाउस और ढाबों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान आगंतुक रजिस्टरों का सत्यापन कर संचालकों को रिकॉर्ड व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना वैध पहचान पत्र (आईडी प्रूफ) और आवश्यक सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को कमरा उपलब्ध न कराया जाए। प्रत्येक ग्राहक का नाम, पता, मोबाइल नंबर एवं पहचान संबंधी विवरण रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर जांच एजेंसियों को तत्काल जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने संवेदनशील एवं शैडो क्षेत्रों का भी भ्रमण किया। संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों को विशेष रूप से हिदायत दी कि वैधानिक प्रक्रिया का पालन किए बिना किसी भी नाबालिग को कमरा उपलब्ध न कराया जाए। यदि किसी व्यक्ति की पहचान, आयु अथवा गतिविधियों को लेकर संदेह हो तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।

कटनी पुलिस ने होटल, गेस्ट हाउस एवं ढाबा संचालकों से जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति ठहरने का प्रयास करे या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस, पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 7587615946 अथवा डायल-112 पर दें।

Exit mobile version