भोपाल। मध्य प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेजों के विद्यार्थी इस समय अजीब उलझन में हैं। राजीव गांधी प्रौद्योगिकी यूनिवर्सिटी (आरजीपीवी) ने लॉकडाउन के कारण लेट हुई परीक्षाएं जून में कराने का निर्णय लिया था और इसकी तैयारियां भी पूरी हो गई थी, लेकिन अचानक परीक्षाओं को आगे बढ़ा दिया गया।
बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग के कई विद्यार्थियों को कंपनियां ऑफर लेटर दे चुकी हैं और अब फाइनल ईयर के रिजल्ट का इंतजार है। इस बारे में आरजीपीवी के अधिकारियों का कहना है कि शासन के निर्देश अनुसार प्रदेशभर में परीक्षा की तैयारी कर ली है। अब दोबारा जैसे ही परीक्षा कराने के निर्देश मिलेंगे कुछ ही दिन में परीक्षा करा ली जाएगी।
शहर के 700 से ज्यादा विद्यार्थी होंगे प्रभावित
जॉब देने के लिए कंपनियां देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी सहित शहर के कुछ प्राइवेट इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट कॉलेजों में आ चुकी है।
शहर के करीब 700 विद्यार्थियों को विभिन्न पदों पर नौकरियां ऑफर हो चुकी है। प्लेसमेंट प्रक्रिया के बीच में ही लॉकडाउन लग गया था। इसके बाद आशंका जताई जा रही थी कि कंपनियां विद्यार्थियों को दिए ऑफर लेटर वापस ले सकती है, लेकिन कंपनियों ने पॉजिटिव रवैया अपनाते हुए ऑफर लेटर वापस नहीं लिए।
देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. निशिकांत वाईकर का कहना है कि देश की बड़ी कंपनियों के अलावा शहर की आईटी कंपनियों ने भी विद्यार्थियों को ऑफर लेटर दिए हैं। जून में भी अगर विद्यार्थियों की परीक्षा हो जाती तो जुलाई तक रिजल्ट जारी हो सकते थे, लेकिन परीक्षा आगे बढ़ने से अब परेशानी बढ़ेगी।

