अमरैयापार के प्राचीन हनुमान मंदिर का जीर्णोद्धार शुरू,15 लाख की लागत से होगा नवीन निर्माण 

अमरैयापार के प्राचीन हनुमान मंदिर का जीर्णोद्धार शुरू,15 लाख की लागत से होगा नवीन निर्माण

कैमोर (कटनी)। औद्योगिक नगरी कैमोर के अमरैयापार स्थित भगवान श्री राम के परम भक्त श्री हनुमान जी महाराज का प्राचीन मंदिर, जो लगभग 100 वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है, अब पुनः जीर्णोद्धार के दौर से गुजर रहा है। मंदिर समिति और क्षेत्रवासियों के सामाजिक सहयोग से मंदिर के पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

मंदिर समिति के सदस्यों के अनुसार मंदिर की छत काफी जर्जर हो चुकी थी, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और संरचना की मजबूती को देखते हुए पुनर्निर्माण आवश्यक हो गया था। इस कार्य की अनुमानित लागत लगभग 15 लाख रुपये बताई गई है। इसके लिए नगरवासियों और श्रद्धालुओं द्वारा गुप्त दान सहित सामग्री और आर्थिक सहयोग भगवान के श्रीचरणों में अर्पित किया जा रहा है।

यह मंदिर अमरैयापार का सबसे प्राचीन बजरंगबली मंदिर माना जाता है, जहां वर्षभर धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होता रहता है। मंदिर समिति ने नगर के प्रतिष्ठित नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस आस्था केंद्र के पुनर्निर्माण में सहयोग देकर धार्मिक सेवा का लाभ प्राप्त करें।

स्थानीय श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर का नव निर्माण क्षेत्र की धार्मिक पहचान को और सुदृढ़ करेगा तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था का यह केंद्र और भी भव्य स्वरूप में स्थापित होगा।

Exit mobile version