जबलपुर की तर्ज पर कटनी में भी हो श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बैठक टेंट-लाइट एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से की मांग

जबलपुर की तर्ज पर कटनी में भी हो श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बैठक
टेंट-लाइट एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से की मां
कटनी। दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर कटनी टेंट लाइट एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से बैठक आयोजित कराने की मांग की है। एसोसिएशन अध्यक्ष अजय सरावगी ने बताया कि जबलपुर में विद्युत विभाग द्वारा पंडाल, मंडप, साज-सज्जा, टेंट एवं लाइट व्यवस्था से जुड़े लोगों की बैठक लेकर सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इसी तर्ज पर कटनी जिले में भी जिला प्रशासन और विद्युत विभाग को टेंट, लाइट एवं पंडाल संचालकों के साथ बैठक आयोजित करनी चाहिए। बैठक में विद्युत सुरक्षा, पंडालों में आवश्यक सावधानियां, साज-सज्जा के दौरान सुरक्षा मानकों सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की जाए।
सरावगी ने कहा कि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडालों और धार्मिक आयोजनों में पहुंचते हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की दुर्घटना अथवा जनहानि को रोकने के लिए पूर्व तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से समय रहते बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की, ताकि दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।








